home page

मकान की छत पर बांस के सहारे लटका मिला महिला का शव, गांव में सनसनी

 | 

जौनपुर,01 नवंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश में जौनपुर जिले में जाफराबाद थाना क्षेत्र के मुस्तफाबाद (शाहबड़ेपुर) गांव में रविवार सुबह मकान की छत पर बांस के सहारे महिला का शव लटका मिला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने घटना की संदिग्ध परिस्थितियों को देखते हुए फोरेंसिक टीम को बुलाकर मौके से साक्ष्य एकत्र कराए।

सीओ सिटी सम्यक चौधरी ने बताया कि मुस्तफाबाद गांव निवासी रमेश कुमार की मां उर्मिला देवी का शव मकान की छत पर कपड़े सुखाने के लिए लगाए गए बांस में साड़ी के फंदे के सहारे लटका मिला। रमेश किसी काम से छत पर पहुंचा तो मां के शव काे लटका देखकर उसके होश उड़ गए। परिजनों के अनुसार, उर्मिला देवी की मानसिक स्थिति ठीक नहीं थी और वह अक्सर बीमार रहती थीं।

घटना की सूचना मिलने पर जफराबाद थाना पुलिस मौके पर पहुंची। एहतियातन फोरेंसिक टीम को बुलाकर घटनास्थल की बारीकी से जांच कराई गई और साक्ष्य जुटाए गए। इसके बाद बेटे रमेश ने पुलिस को अपनी मां द्वारा आत्महत्या किए जाने के संबंध में तहरीर दी। सीओ सिटी ने बताया कि आत्महत्या से संबंधित तहरीर मिली है। हालांकि, घटना की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।

-------------------

हिन्दुस्थान समाचार / विश्व प्रकाश श्रीवास्तव