home page

प्रयागराज में आकाशीय बिजली गिरने से महिला की गई जान

 | 
प्रयागराज में आकाशीय बिजली गिरने से महिला की गई जान


प्रयागराज, 29 अप्रैल (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के प्रयागराज जिले में स्थित फूलपुर थाना क्षेत्र के कोड़ापुर दुल्मापुर गांव में बुधवार को आकाशीय बिजली गिरने से एक महिला की मौत हो गई। पुलिस कहना है कि हादसे की सूचना मिली है लेकिन परिवार के लोगों द्वारा कोई प्रार्थना पत्र नहीं मिला है। लिखित सूचना मिलते ही विधिक कार्रवाई की जाएगी।

पुलिस के मुताबिक फूलपुर के दुल्मापुर निवासी कुसुम देवी (45) पत्नी ज्ञानचंद्र सरोज बुधवार को घर के पास आम के बाग में बकरी चराने और रखवाली करने गई थीं। जहां अचानक मौसम बदला और तेज गरज-चमक के साथ बिजली गिर गई, जिसकी चपेट में आने से वह गंभीर रूप से झुलस गईं।

हादसे की जानकारी होते ही परिजन पहुंचे और उसे उपचार के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र फूलपुर में भर्ती कराया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

घटना के समय मृतका के पति ज्ञानचंद्र और पुत्र रामू सरोज प्रयागराज शहर में मजदूरी करने गए थे। सूचना मिलते ही दोनों घर पहुंचे। मृतका अपने पीछे पांच बेटियां और एक बेटा छोड़ गई हैं। इनमें तीन बेटियों की शादी हो चुकी है, जबकि दो बेटियां अविवाहित हैं।

सहायक पुलिस आयुक्त फूलपुर विवेक यादव ने बताया कि आकाशीय बिजली गिरने से महिला की मौत की सूचना मिली है। लेकिन अब तक कोई लिखित तहरीर नहीं दी है, प्रार्थना पत्र मिलते ही आवश्यक विधिक कार्रवाई की जाएगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रामबहादुर पाल