कानपुर में हादसे में घायल युवती ने नौ दिन बाद तोड़ा दम, कार और ट्रैक्टर की हुई थी भिड़ंत
कानपुर, 13 अगस्त (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद कानपुर के किदवई नगर थाना क्षेत्र अंतर्गत बीती चार अगस्त की देर रात सड़क हादसे में गंभीर रूप से घायल हुई युवती की आज इलाज के दौरान मौत हो गई। युवती अपनी सहेलियों के साथ बर्थडे पार्टी से लौट रही थी, तभी किदवई नगर में सामने से आ रहे ईंट लदे ट्रैक्टर से उनकी फॉर्च्यूनर की टक्कर हो गई थी। हादसे में युवती के सिर में गंभीर चोट आई थी और कई दिनों से उसका इलाज चल रहा था।
बर्रा गांव निवासी कशिश उर्फ अनामिका (20) जागरण पार्टी में काम करती थीं। परिजनों के मुताबिक, चार अगस्त की रात वह अपनी सहेलियों अंतरा सिंह और कनक वर्मा के साथ बर्थडे पार्टी में गई थीं। देर रात करीब दो बजे तीनों फॉर्च्यूनर से वापस लौट रही थीं। साकेत नगर स्थित एक शोरूम के पास पहुंचते ही सामने से आ रहे ईंट लदे ट्रैक्टर से कार की सीधी भिड़ंत हो गई। किदवई नगर पुलिस ने तीनों को पहले पीपीएम अस्पताल पहुंचाया। हालत गंभीर होने पर कनिष्का और अंतरा को हैलट अस्पताल रेफर कर दिया गया था। गुरुवार को इलाज के दौरान कशिश की मौत की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। थाना प्रभारी विजय सिंह ने बताया कि हादसे के बाद ट्रैक्टर को कब्जे में ले लिया गया था। युवती की मौत के बाद अब परिजनों की तहरीर के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ट्रैक्टर चालक की तलाश के साथ हादसे से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है।---------
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप

