home page

महिला चिकित्सालय की मांग को लेकर उपमुख्यमंत्री को सौंपा ज्ञापन

 | 
महिला चिकित्सालय की मांग को लेकर उपमुख्यमंत्री को सौंपा ज्ञापन


बलरामपुर, 05 अगस्त (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक से बुधवार को बलरामपुर जनपद से विधायक कैलाश नाथ शुक्ल के साथ व्यापार प्रतिनिधि मंडल के जिला महामंत्री दिलीप कुमार गुप्ता ने लखनऊ में मुलाकात की। इस दौरान विधायक के नेतृत्व में व्यापार प्रतिनिधि मंडल के जिला महामंत्री ने तुलसीपुर में महिला स्वास्थ्य व्यवस्था को और बेहतर बनाने की मांग को लेकर उपमुख्यमंत्री को ज्ञापन सौंपा।

ज्ञापन के माध्यम से बताया गया कि तुलसीपुर के पुराने सरकारी अस्पताल परिसर में लगभग पांच एकड़ भूमि पर महिला चिकित्सालय (मातृ एवं शिशु अस्पताल) की स्थापना की मांग की गई है। बताया गया कि पुराने सरकारी अस्पताल का परिसर वर्षों से अनुपयोगी पड़ा है। वहीं तुलसीपुर सहित आसपास के लगभग 50 किलोमीटर क्षेत्र की महिलाओं को प्रसव एवं अन्य उपचार के लिए जिला मुख्यालय जाना पड़ता है। समय पर समुचित चिकित्सा सुविधा न मिलने से गर्भवती महिलाओं और नवजात शिशुओं को कई बार गंभीर कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है।

व्यापार मंडल के जिला महमंत्री दिलीप गुप्ता ने बताया कि उपमुख्यमंत्री कार्यालय ने इस प्रकरण को परीक्षण एवं नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई के लिए संबंधित विभाग को भेज दिया है।

मामले को संज्ञान में लेने के लिए दिलीप कुमार गुप्ता ने विधायक कैलाश नाथ शुक्ल एवं उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि यदि तुलसीपुर में महिला चिकित्सालय की स्थापना होती है तो क्षेत्र की महिलाओं, नवजात शिशुओं एवं आमजन को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध होंगी और स्थानीय स्वास्थ्य व्यवस्था भी सुदृढ़ होगी।

------------

हिन्दुस्थान समाचार / प्रभाकर कसौधन