home page

घर में फंदे से लटकी मिली महिला, पांच साल पहले दंपति ने भतीजी काे लिया था गाेद

 | 

औरैया, 27 अप्रैल (हि. स.)। उत्तर प्रदेश के औरैया जनपद में सदर कोतवाली क्षेत्र में सोमवार सुबह एक 30 वर्षीय महिला का शव उसके घर में फंदे से लटका मिला, जिससे इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मामले की जांच शुरू कर दी गई है।

मृतका की पहचान गोरेलाल की पत्नी लक्ष्मी के रूप में हुई है। बताया गया है कि गोरेलाल आरा मशीन पर काम करते हैं। सोमवार सुबह करीब 06 बजे वे रोज की तरह बकरियों को बांधने के लिए घर से बाहर गए थे। कुछ देर बाद जब वह वापस लौटे तो उन्होंने पत्नी लक्ष्मी को घर के अंदर फंदे से लटका हुआ देखा।

घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के लोग मौके पर जुट गए। गोरेलाल ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया और प्रारंभिक जांच के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया, ताकि मौत के सही कारणों का पता चल सके।

जानकारी के अनुसार, लक्ष्मी और गोरेलाल की शादी लगभग 10 वर्ष पूर्व हुई थी। दंपति की कोई संतान नहीं थी। करीब पांच साल पहले उन्होंने अपने भाई की पुत्री को गोद लिया था, जो उनके साथ ही रहती थी।

ब्रह्म नगर चौकी इंचार्ज धर्मेंद्र ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है और हर पहलू को ध्यान में रखते हुए आगे की कार्रवाई की जाएगी।

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील कुमार