बांदा की प्रगतिशील महिला किसान लीलावती को मिला सम्मान, कृषि मंत्री ने किया पुरस्कृत
बांदा, 15 अक्टूबर (हि.स.)। चंद्रशेखर आजाद कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय, कानपुर में गुरुवार काे आयोजित संयुक्त रबी मंडलीय उत्पादकता गोष्ठी एवं महिला किसान दिवस समारोह में कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही और प्रमुख सचिव एमके शनमुगा सुंदरम ने बांदा की प्रगतिशील महिला किसान लीलावती को पुरस्कृत किया।
जनपद बांदा के पचुल्ला गांव निवासी स्वर्गीय बद्री प्रसाद की पत्नी लीलावती कृषि के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य कर रही हैं। वह एक नवयुवक किसान प्रोड्यूसर कंपनी लिमिटेड नामक किसान उत्पादक संगठन (एफपीओ) का संचालन करती हैं। इसके माध्यम से प्राकृतिक खेती से उत्पादित देशी अरहर की दाल, मिलेट्स से बने उत्पाद और कठिया गेहूं से तैयार दलिया सहित विभिन्न कृषि उत्पादों के उत्पादन, प्रसंस्करण और पैकेजिंग का कार्य किया जाता है।
लीलावती के प्रयासों से कृषि उत्पादों को मूल्यवर्धित रूप में तैयार कर बाजार तक पहुंचाने की दिशा में काम किया जा रहा है। उनका यह प्रयास प्राकृतिक खेती और पारंपरिक कृषि उत्पादों को प्रोत्साहित करने के साथ ही किसानों के लिए स्वरोजगार एवं आय बढ़ाने के नए अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में भी महत्वपूर्ण है।
लीलावती को मिला यह सम्मान जिले में कृषि क्षेत्र से जुड़ी महिलाओं के लिए प्रेरणादायक है। यह उपलब्धि दर्शाती है कि पारंपरिक खेती, प्राकृतिक कृषि उत्पादों के प्रसंस्करण और किसान उत्पादक संगठनों के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों में आत्मनिर्भरता की नई राह बनाई जा सकती है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अनिल सिंह

