home page

दो बाइकों की भिड़ंत में महिला की मौत

 | 
दो बाइकों की भिड़ंत में महिला की मौत


हमीरपुर, 26 फरवरी (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के हमीरपुर जिले के मौदहा कोतवाली क्षेत्र में एक भीषण सड़क हादसे में 36 वर्षीय महिला की मौत हो गई। दो बाइकों की आमने-सामने टक्कर में गंभीर रूप से घायल महिला ने गुरुवार को इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। घटना के बाद परिवार में मातम छा गया है।

जानकारी के अनुसार हादसा मकराव गांव के पास पर हुआ। मकराओं निवासी गुड़िया अपने पति रणविजय के साथ खेत से घर लौट रही थीं। जैसे ही उनकी बाइक हाईवे पर पहुंची, सामने से आ रही दूसरी बाइक से जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी तेज थी कि गुड़िया सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गईं, जबकि अन्य लोग भी चोटिल बताए जा रहे हैं। हादसे के तुरंत बाद स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी और घायलों को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद गुड़िया की हालत चिंताजनक देखते हुए चिकित्सकों ने उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया। वहां इलाज के दौरान उनकी मृत्यु हो गई। अचानक हुए इस हादसे से परिवार में कोहराम मच गया है। मृतका के दो छोटे बच्चे हैं, जिनका रो-रोकर बुरा हाल है।

पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। कोतवाल संतोष सिंह ने गुरुवार को बताया कि जांच के बाद आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / पंकज मिश्रा