home page

दीवार गिरने से महिला की मौत, दूसरी घायल

 | 
दीवार गिरने से महिला की मौत, दूसरी घायल


औरैया, 01 जून (हि. स.)। उत्तर प्रदेश के औरैया जनपद में अजीतमल कोतवाली क्षेत्र स्थित हरपालपुर में रविवार देर रात तेज आंधी और बारिश के दौरान एक मकान की दीवार गिरने से दो महिलाएं मलबे में दब गईं। हादसे में एक महिला की मौत हो गई, जबकि दूसरी गंभीर रूप से घायल हो गई। घायल महिला को प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर किया गया है।

रामपुरा थाना क्षेत्र के गांव मढ़ेपुरा निवासी जगरानी (42) अपने नंदोई लेखपाल निषाद के यहां हरपालपुर गांव आई थीं। रविवार शाम वह अपनी ननद सोमवती के साथ पड़ोसी गांव भीखमनगर में आयोजित श्रीमद्भागवत कथा के भंडारे में शामिल होने गई थीं। भंडारे में प्रसाद ग्रहण करने के बाद दोनों महिलाएं वापस घर लौट रही थीं। जैसे ही दोनों महिलाएं हरपालपुर गांव पहुंचीं, उसी दौरान तेज आंधी और बारिश शुरू हो गई। आंधी के कारण बुद्ध सिंह के मकान की बाहरी दीवार अचानक भरभराकर गिर गई। दीवार के मलबे में दबकर जगरानी और सोमवती गंभीर रूप से घायल हो गईं। ग्रामीणों ने तत्काल राहत कार्य शुरू करते हुए दोनों महिलाओं को मलबे से बाहर निकाला और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अजीतमल पहुंचाया। वहां चिकित्सकों ने जांच के बाद जगरानी को मृत घोषित कर दिया। वहीं गंभीर रूप से घायल सोमवती की हालत को देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल चिचौली रेफर कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई करते हुए शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

कोतवाल ललितेश त्रिपाठी ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है तथा मामले की जांच की जा रही है। उधर, क्षेत्रीय लेखपाल विशाल गुप्ता भी मौके पर पहुंचकर नुकसान का आकलन और घटना की जांच में जुट गए हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील कुमार