home page

बारिश में कच्ची दीवार ढही, मलबे में दबकर महिला की मौत

 | 
बारिश में कच्ची दीवार ढही, मलबे में दबकर महिला की मौत


कानपुर, 01 सितंबर (हि.स.)। महाराजपुर थाना क्षेत्र के फुफुवार राजथोक गांव में मंगलवार को तेज बारिश के दौरान कच्ची दीवार अचानक भर-भराकर गिर गई। हादसे में मलबे के नीचे दबकर 56 वर्षीय महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। परिजन और ग्रामीणों ने काफी मशक्कत के बाद उन्हें बाहर निकाला और रामादेवी स्थित मान्यवर कांशीराम अस्पताल पहुंचाया, जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई।

फुफुवार राजथोक निवासी शंकुतला देवी मंगलवार सुबह करीब पांच बजे अपने घर पर थीं। कई घंटे से हो रही बारिश के कारण मकान की कच्ची दीवार कमजोर हो गई थी। अचानक दीवार गिरने से शंकुतला देवी उसके मलबे में दब गईं। तेज आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और परिजनों के साथ मिलकर मलबा हटाकर उन्हें बाहर निकाला। गंभीर हालत में महिला को तत्काल अस्पताल ले जाया गया। चिकित्सकों ने उपचार शुरू किया, लेकिन चोटें अधिक होने के कारण उनकी हालत बिगड़ती चली गई। इलाज के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया।

हादसे की सूचना मिलने पर महाराजपुर पुलिस, तहसीलदार शालिनी सिंह और लेखपाल शैलेंद्र वर्मा भी पहुंचे। अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण कर हादसे की जानकारी ली।

महाराजपुर थाना प्रभारी जनार्दन सिंह ने बताया कि शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेजने की कार्रवाई की जा रही है।

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप