तेज रफ्तार वाहन की टक्कर से महिला की मौत
देवरिया, 08 मई (हि.स.)। देवरिया जनपद के थाना बनकटा क्षेत्र में शुक्रवार सुबह सड़क हादसे में एक महिला की मौत हो गई। घर से निकली महिला को मझौली-मैरवा मार्ग पर एक अज्ञात तेज रफ्तार वाहन ने टक्कर मार दी। हादसे के बाद चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया। घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया।
थानेदार दिनेश कुमार मौर्य के अनुसार, थाना बनकटा क्षेत्र के रुस्तम बहियारी गांव निवासी लक्ष्मीना देवी (37) पत्नी महेंद्र प्रसाद शुक्रवार सुबह किसी कार्य से घर से बाहर निकली थीं। वह मझौली-मैरवा मार्ग पर गांव के मोड़ के पास पहुंची ही थीं कि तभी तेज गति से आ रहे एक अज्ञात वाहन ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर इतनी भीषण थी कि महिला गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़ी और मौके पर ही उसकी मौत हो गई। हादसे की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और महिला को सड़क किनारे पड़ा देखा। लोगों ने तुरंत घटना की सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही थाना बनकटा पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
घटना की जानकारी मिलते ही मृतका के परिजन भी मौके पर पहुंच गए। परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल था। गांव में घटना के बाद शोक का माहौल बना हुआ है। स्थानीय लोगों ने बताया कि मझौली-मैरवा मार्ग पर अक्सर तेज रफ्तार वाहनों का आवागमन बना रहता है, जिससे आए दिन दुर्घटनाओं की आशंका बनी रहती है। ग्रामीणों ने सड़क पर यातायात नियंत्रण एवं पुलिस गश्त बढ़ाने की मांग की है। पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। हादसे में शामिल वाहन की पहचान के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। जल्द ही वाहन और चालक की पहचान कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
हिन्दुस्थान समाचार / ज्योति पाठक

