home page

सिजेरियन डिलीवरी के 15 दिन बाद महिला की मौत, लापरवाही का आरोप

 | 
सिजेरियन डिलीवरी के 15 दिन बाद महिला की मौत, लापरवाही का आरोप


कानपुर, 07 मार्च (हि.स.)। शिवराजपुर थाना क्षेत्र में सिजेरियन डिलीवरी के करीब 15 दिन बाद महिला की इलाज के दौरान मौत हो गई। मायके पक्ष ने ससुराल वालों पर इलाज में लापरवाही का आरोप लगाते हुए हंगामा किया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी।

मदनेपुर गांव निवासी रजनीश की शादी 28 अप्रैल 2024 को कप गांव की रहने वाली पायल के साथ हुई थी। रजनीश झांसी में एक फैक्ट्री में मजदूरी करता है। परिजनों के मुताबिक, 20 फरवरी को पायल ने ऑपरेशन के जरिए एक बेटे को जन्म दिया था। डिलीवरी के बाद से ही उसकी तबीयत ठीक नहीं चल रही थी और वह लगातार अस्वस्थ बनी हुई थी। शुक्रवार देर रात अचानक उसकी हालत बिगड़ गई, जिसके बाद परिजन उसे अस्पताल लेकर पहुंचे। इलाज के दौरान शनिवार को उसकी मौत हो गई। महिला की मौत की खबर मिलते ही मायके पक्ष के लोग पहुंच गए।

मृतका के पिता सियाराम, मां शिवकांति और बहन कोमल ने ससुराल पक्ष पर दहेज के लिए उत्पीड़न करने और इलाज में लापरवाही बरतने का आरोप लगाया। परिजनों ने हंगामा भी किया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और फील्ड यूनिट को बुलाकर घटनास्थल की जांच कराई। इसके बाद पुलिस ने समझा-बुझाकर परिजनों को शांत कराया।

शिवराजपुर थाना प्रभारी अमित कुमार सिंह ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। परिजनों की तहरीर और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।-------------

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप