home page

चलती गाेरखधाम ट्रेन में महिला ने दिया स्वस्थ पुत्र को जन्म

 | 
चलती गाेरखधाम ट्रेन में महिला ने दिया स्वस्थ पुत्र को जन्म


कानपुर, 27 जुलाई (हि.स.)। गाेरखधाम एक्सप्रेस ट्रेन (12556) में सफर के दाैरान एक गर्भवती महिला काे प्रसव पीड़ा शुरू हाे गया। कानपुर सेंट्रल स्टेशन पहुंचने से पहले ही एक स्वस्थ पुत्र को जन्म दिया। इसकी सूचना मिलते ही कानपुर सेंट्रल आरपीएफ, वाणिज्य विभाग और चिकित्सकीय टीम ने तत्काल मौके पर पहुंचकर जच्चा और नवजात को चिकित्सीय सहायता उपलब्ध कराई। प्राथमिक परीक्षण के बाद दोनों को बेहतर उपचार के लिए जच्चा बच्चा डफरिन अस्पताल रेफर किया।

आरपीएफ पोस्ट प्रभारी सिद्धनाथ पाटीदार ने सोमवार को बताया कि वाणिज्य विभाग से रविवार को सूचना मिली थी कि गाड़ी संख्या 12556 के एस-वन कोच की सीट संख्या 32 पर यात्रा कर रही गर्भवती महिला को प्रसव पीड़ा हो रही है। सूचना मिलते ही सहायक उपनिरीक्षक राजीव गौड़ तथा मेरी सहेली ड्यूटी पर तैनात महिला कांस्टेबल विनीता और महिला कांस्टेबल अंजना पटेल को मौके पर भेजा गया। ट्रेन के सुबह 6:25 बजे कानपुर सेंट्रल स्टेशन प्लेटफॉर्म संख्या नाै पर पहुंची।

प्लेटफार्म में माैजूद मधुराज क्लीनिक के डॉ. रितेश अपनी मेडिकल टीम के साथ मौजूद रहे।चिकित्सकीय परीक्षण में पता चला कि महिला ने स्टेशन पहुंचने से पहले ही ट्रेन में एक स्वस्थ पुत्र को जन्म दे दिया था। इसके बाद नवजात को सुरक्षित रूप से मधुराज क्लीनिक ले जाया गया, जबकि प्रसूता को स्ट्रेचर के माध्यम से क्लीनिक पहुंचाकर चिकित्सकीय परीक्षण कराया गया।

जांच में जच्चा और बच्चा दोनों स्वस्थ पाए गए, जिसके बाद चिकित्सकों ने बेहतर उपचार के लिए दोनों को डफरिन किया गया है। महिला के साथ माैजूद उसके पति फिराेज ने बताया कि सफर के दाैरान पत्नी काे प्रसव पीड़ाहाेने पर वह घबरा गये थे। लेकिन ट्रेन महिला यात्रियाें, आरपीएफ, वाणिज्य विभाग और चिकित्सकीय टीम के समन्वित प्रयास से जच्चा व नवजात को समय पर उपचार उपलब्ध कराया गया। वर्तमान में दोनों स्वस्थ हैं।

-----------------

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप