home page

पेट्रोल डालकर महिला ने किया आत्मदाह, हत्या का आराेप

 | 
पेट्रोल डालकर महिला ने किया आत्मदाह, हत्या का आराेप


हमीरपुर, 28 जुलाई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के हमीरपुर जिले मे थाना सुमेरपुर क्षेत्र के पत्योरा गांव में पेट्रोल डालकर आग लगाने से जान गंवाने वाली विवाहिता का मंगलवार को पति की मौजूदगी में पोस्टमार्टम कराया गया। इसके बाद पुलिस ने शव परिजनों को सौंप दिया। पति अन्य परिजनों के साथ शव लेकर गांव रवाना हो गया। अंतिम संस्कार बुधवार सुबह किया जाएगा।

जानकारी के अनुसार, पत्योरा गांव निवासी रमाकांत निषाद की पत्नी रेनु निषाद 35 वर्षीय ने मुंबई में रह रहे अपने पति से फोन पर बातचीत के बाद कथित रूप से पेट्रोल डालकर खुद को आग लगा ली थी। गंभीर रूप से झुलसी विवाहिता की जिला अस्पताल ले जाते समय मौत हो गई थी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी में रखवा दिया था। मंगलवार को मुंबई से पहुंचे पति की मौजूदगी में पोस्टमार्टम की कार्रवाई पूरी कर शव उन्हें सौंप दिया गया। ग्राम प्रधान अरविंद निषाद ने बताया कि विवाहिता का अंतिम संस्कार बुधवार सुबह गांव में किया जाएगा। थानाध्यक्ष पवन कुमार पटेल ने मंगलवार को बताया कि पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है। मृतका के परिजनों ने हत्या की आशंका जताई है, लेकिन अभी तक इस संबंध में कोई तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलने पर नियमानुसार जांच कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / पंकज मिश्रा