home page

मायके में रह रही महिला ने दो बेटियों के साथ की आत्महत्या

 | 
मायके में रह रही महिला ने दो बेटियों के साथ की आत्महत्या


कानपुर, 28 अप्रैल (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जिला कानपुर के महाराजपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत अपने मायके में रह रही एक महिला ने मंगलवार को अपनी दो बेटियों के साथ काेई जहरीला पदार्थ खा कर आत्महत्या कर ली। आत्महत्या का कारण अभी स्पष्ट नहीं हाे सका है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। नजफगढ़ वासी परिवार की बेटी चांदनी की शादी मैनपुरी जिले के करहल नगला सीताराम निवासी राकेश से 12 साल पहले हुई थी। दोनों की दो बेटियां पायल (8) और ब्यूटी (6) पैदा हुईं। चांदनी पिछले पांच साल से अपने मायके रहती थी। परिवार में उसकी मां शांति देवी भाई प्रताप, धर्मेंद्र, जितेंद्र भी रहते थे। मृतका के भाई धर्मेंद्र ने बताया कि शादी के बाद से ही चांदनी का पति शराब के नशे में उसे मरता पीटता था। रोज-रोज के लड़ाई झगड़े से परेशान होकर करीब पांच साल पहले वह मायके चली आयी थी। तीन साल पहले गांव की पंचायत में दोनों का तलाक भी हो चुका था। तब से वह मायके में ही रहकर मजदूरी करती और अपनी दोनों बेटियों की परवरिश कर रही थी। उसने बताया कि आज काफी देर तक जब बहन और उसके बच्चे कमरे के बाहर नहीं दिखे तो अंदर जाकर देखा तो तीनों जमीन पर पड़े थे। आनन-फानन में उन्हें घाटमपुर सीएचसी लेकर जाया गया, लेकिन उन्हें हैलट रेफर कर दिया गया। वहां पहुंचने पर चिकित्सकों ने तीनों को मृत घोषित कर दिया।

पुलिस उपायुक्त पूर्वी सत्यजीत गुप्ता ने बताया कि महिला के अपने बच्चाें के साथ आत्महत्या का कारण स्पष्ट नहीं हो सका है। परिजनों से पूछताछ की जा रही है। तहरीर और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप