home page

अजय राय हत्याकांड में गवाह संजय राय की गवाही, 31 अक्टूबर को अगली सुनवाई

 | 
अजय राय हत्याकांड में गवाह संजय राय की गवाही, 31 अक्टूबर को अगली सुनवाई


जौनपुर, 23 अक्टूबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जौनपुर में आजमगढ़ के लालगंज ब्लॉक प्रमुख अजय राय हत्याकांड में शुक्रवार को अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश सप्तम सुरेंद्र यादव की अदालत में गवाह संजय राय की गवाही दर्ज की गई। सुनवाई के बाद अदालत ने अगली तारीख 31 अक्टूबर निर्धारित की।

मामले में मृतक के भाई एवं गवाह संजय राय अदालत में पेश हुए। सुनवाई के दौरान आरोपित पक्ष की ओर से वरिष्ठ अधिवक्ता दुष्यंत सिंह, अधिवक्ता विनोद कुमार सिंह समेत अन्य अधिवक्ता मौजूद रहे। दोनों पक्षों की मौजूदगी में न्यायालय ने गवाही की कार्यवाही पूरी की।

गौरतलब है कि अजय राय की दो नवंबर 2003 को सुबह करीब आठ बजे केशवपुर रेलवे क्रॉसिंग के पास गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। इस मामले में भूपेंद्र कुमार सिंह, मुन्ना, अखंड प्रताप सिंह, ध्रुव सिंह उर्फ कुन्नू और अनिल यादव समेत अन्य लोग आरोपित हैं। हत्याकांड की सुनवाई लंबे समय से न्यायालय में चल रही है।

संजय राय ने न्यायालय पर भरोसा जताते हुए कहा कि उन्हें न्याय मिलने की पूरी उम्मीद है। उन्होंने कहा कि उनका परिवार लंबे समय से न्याय की प्रतीक्षा कर रहा है और अदालत की कार्यवाही से उन्हें विश्वास है कि इस पुराने मामले में भी न्याय मिलेगा। पीड़ित पक्ष के अधिवक्ता राकेश सिंह ने भी न्यायालय पर भरोसा जताया। उन्होंने कहा कि पीड़ित पक्ष को न्याय दिलाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं और उम्मीद है कि मामले में जल्द फैसला आएगा। इस दौरान वरिष्ठ अधिवक्ता अवधेश सिंह, राजेश सिंह, राकेश सिंह और संजय सिंह उपस्थित रहे। मामले में अगली सुनवाई 31 अक्टूबर को होगी।

हिन्दुस्थान समाचार / विश्व प्रकाश श्रीवास्तव