श्रीकृष्ण जन्मभूमि के गर्भगृह स्थल की सच्चाई को लाएंगे जनता के सामने : महेंद्र प्रताप
न्यायालय से लेकर जमीन तक लड़ी जा रही लड़ाई
मथुरा, 17 मार्च (हि.स.)। प्रज्ञान मिशन के तत्वावधान में वृंदावन स्थित फोगला आश्रम में आयोजित धार्मिक कार्यक्रम के दौरान एच.एच. परमहंस प्रज्ञानंद जी महाराज के सानिध्य में श्रीकृष्ण जन्मभूमि प्रकरण को लेकर महेंद्र प्रताप सिंह एडवोकेट ने मंगलवार दोपहर अपने विचार रखे।
उन्होंने कहा कि श्री कृष्ण जन्मभूमि का वास्तविक गर्भगृह स्थल अपने मूल स्वरूप में वापस आएगा और वहां भगवान का भव्य मंदिर स्थापित होगा। अपने संबोधन में महेंद्र प्रताप सिंह ने स्पष्ट किया कि यह आंदोलन किसी प्रकार के टकराव का नहीं, बल्कि संवैधानिक और कानूनी प्रक्रिया के माध्यम से सत्य की स्थापना का प्रयास है। उन्होंने कहा कि वर्षों से चल रहे इस प्रकरण में न्यायालय के माध्यम से समाधान निकालने की दिशा में कार्य किया जा रहा है और यह संघर्ष पूरी तरह शांतिपूर्ण रहेगा। उन्होंने कहा कि यह केवल एक धार्मिक स्थल का विषय नहीं, बल्कि देश की सांस्कृतिक चेतना और आस्था से जुड़ा प्रश्न है। समाज के प्रत्येक वर्ग तक इस विषय को पहुंचाने के लिए जनजागरण आवश्यक है। इसी उद्देश्य से “चलो गांव की ओर” और “श्री कृष्ण जन्मभूमि मुक्ति ज्योति यात्रा” जैसे अभियानों के माध्यम से व्यापक स्तर पर लोगों को जोड़ा जा रहा है, जिसका विस्तार विदेशों तक भी हो चुका है।
महेंद्र प्रताप सिंह ने ऐतिहासिक संदर्भों का उल्लेख करते हुए कहा कि अतीत के कई प्रमाण इस स्थल की वास्तविकता को दर्शाते हैं। उन्होंने वैज्ञानिक एवं पुरातात्विक जांच की आवश्यकता पर बल देते हुए कहा कि इससे तथ्य और अधिक स्पष्ट हो सकते हैं।
कार्यक्रम के अंत में महेंद्र प्रताप सिंह एडवोकेट ने उपस्थित श्रद्धालुओं को श्रीकृष्ण जन्मभूमि के वास्तविक गर्भगृह स्थल पर मंदिर निर्माण के समर्थन में संकल्प दिलाया और शांतिपूर्ण तरीके से इस अभियान को आगे बढ़ाने का आह्वान किया।
वहीं संत प्रज्ञानंद जी महाराज ने महेंद्र प्रताप सिंह एडवोकेट की मांग का समर्थन करते हुए कहा कि इस संघर्ष में वह उनके साथ में है। इस विषय को वह अपने कार्यक्रमों में रखेंगे।
इस अवसर पर संत स्वामी ब्रह्मानंद जी महाराज, स्वामी कृष्णानंद गिरी जी महाराज, भास्कर शास्त्री, कुसुम मिश्रा, रीना मुखर्जी, देवाशीष, भूषण पाटिल सहित देश-विदेश से आए श्रद्धालु बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।-----------------
हिन्दुस्थान समाचार / महेश कुमार

