home page

180 बीघा गेहूं की फसल जलकर राख, तीन गांवों के किसान बर्बाद

 | 
180 बीघा गेहूं की फसल जलकर राख, तीन गांवों के किसान बर्बाद


औरैया, 03 अप्रैल (हि. स.)। उत्तर प्रदेश के औरैया जनपद में कुदरकोट थाना क्षेत्र के कठगोर गांव के पास शुक्रवार को अज्ञात कारणों से लगी भीषण आग ने किसानों की खड़ी फसल को जलाकर राख कर दिया। आग इतनी तेजी से फैली कि लगभग 180 बीघा गेहूं की फसल कुछ ही समय में जलकर नष्ट हो गई, जिससे पूरे क्षेत्र में हड़कम्प मच गया और किसानों में भारी आक्रोश व्याप्त है।

बताया जा रहा है कि आग एरवा कटरा विकास खंड की ग्राम पंचायत बल्लपुर राजपुर के मजरा कठगोर, ग्राम पंचायत बरौना कलां के मजरा दिलालपुर तथा ग्राम पंचायत हमीरपुर रुरु के राजस्व ग्राम नहराबोझ तक फैल गई। इस भीषण अग्निकांड में तीनों गांवों के दर्जनों किसान प्रभावित हुए हैं।

कठगोर गांव के दशरथ, आदित्य, अमर श्री, मीरा देवी, आशीष, विजयपाल, शीला, विमला, शकुंतला, अरविंद, अशोक, राकेश, मेघ सिंह, मेहरवान सिंह, ब्रजेश, रूबी, शिवानी, रनवीर, जयवीर, मुलायम, राम सिंह, शिशुपाल सिंह, उदयवीर, मनोज, शैतान सिंह, लाखन सिंह, अनीता देवी, सुखवीर सहित कई किसानों की फसल जल गई। वहीं दिलालपुर के ज्ञाप्रसाद, सहदेव सिंह, सत्यराम, राजाराम, किताब सिंह, रामऔतार, सत्यावती, ब्रजेश कुमार, गिरीश, मिलाप, बीरेश, रवीश तथा नहराबोझ के उदयवीर सिंह, महेश चंद्र, रविंद्र सहित अन्य किसानों को भी भारी नुकसान हुआ है।

घटना की जानकारी मिलते ही ग्रामीणों ने अपने स्तर पर आग बुझाने का प्रयास किया। किसानों ने हरे पत्तेदार डंडों, बाल्टियों से पानी डालकर किसी तरह आग पर काबू पाया। बाद में दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची, लेकिन रास्ता न होने के कारण गाड़ियां घटनास्थल तक नहीं पहुंच सकीं।

फसल कटाई के बिल्कुल नजदीक थी, ऐसे में इस आग ने किसानों की साल भर की मेहनत को राख में बदल दिया। प्रभावित किसानों और उनके परिवारों का रो-रोकर बुरा हाल है। सभी ने प्रशासन से उचित मुआवजे की मांग की है।

सूचना मिलते ही प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंच गए हैं और नुकसान का आंकलन किया जा रहा है। साथ ही आग लगने के कारणों की जांच भी शुरू कर दी गई है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील कुमार