शॉर्ट सर्किट से गेहूं की फसल जली, ढाई बीघा नुकसान
जौनपुर, 03 अप्रैल (हि.स.)। चंदवक थाना क्षेत्र के डोभी इलाके के खुज्झी गांव में शुक्रवार दोपहर करीब 2 बजे बिजली के तार में शॉर्ट सर्किट से आग लगने से गेहूं की फसल जलकर खाक हो गई। इस घटना में लगभग ढाई बीघा फसल के नुकसान की सूचना है, जिससे किसानों को भारी क्षति हुई है।
घटना के समय खेतों में अचानक आग की लपटें उठने लगीं, जिसे देखकर ग्रामीण मौके पर पहुंचे और सामूहिक प्रयास से आग बुझाने में जुट गए। काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया गया, लेकिन तब तक बड़ी मात्रा में फसल जल चुकी थी।
खुज्झी गांव निवासी जंग बहादुर यादव पुत्र राजाराम यादव ने बताया कि शॉर्ट सर्किट के कारण उनकी लगभग दो बीघा गेहूं की फसल पूरी तरह नष्ट हो गई। वहीं, प्रमिला सिंह पत्नी स्वर्गीय काशीनाथ सिंह ने बताया कि उनकी करीब 5 बिस्सा फसल जलकर नष्ट हो गई है। ग्रामीण नरेंद्र यादव के अथक प्रयासों से आग को फैलने से रोका जा सका, जिससे अन्य खेतों को बचाया जा सका। घटना की सूचना मिलते ही बिजली विभाग के कर्मचारी और राजस्व विभाग से लेखपाल उमेश सोनकर मौके पर पहुंचे।
अधिकारियों द्वारा नुकसान का आंकलन किया जा रहा है और प्रभावित किसानों को राहत दिलाने की प्रक्रिया शुरू की गई है। किसान अपने नुकसान को लेकर परेशान हैं। लेखपाल उमेश सोनकर ने बताया कि फसलों के जलने और होने वाले नुकसान का आंकलन कर जिला प्रशासन को अवगत कराया जाएगा, जो भी विधिक कार्यवाही होगी उसे प्राथमिकता से कराकर उचित मुआवजा दिया जाएगा।
हिन्दुस्थान समाचार / विश्व प्रकाश श्रीवास्तव

