देवरिया में तेज आंधी-बारिश से मौसम का बदला मिजाज, गर्मी से राहत
देवरिया, 03 मई (हि.स.)। जिले में रविवार को मौसम ने अचानक करवट ले ली। सुबह करीब 11 बजे तेज हवाओं के साथ आसमान में काले बादल छा गए, जिससे दिन में ही अंधेरा जैसा माहौल बन गया। इसके तुरंत बाद झमाझम बारिश शुरू हो गई, जिससे भीषण गर्मी से जूझ रहे लोगों को बड़ी राहत मिली।
सलेमपुर, भाटपाररानी और लार समेत कई इलाकों में तेज हवा के साथ जोरदार बारिश दर्ज की गई। तेज हवाओं के कारण कई स्थानों पर पेड़ों की डालियां टूटकर सड़कों पर गिर गईं, जिससे आवागमन प्रभावित हुआ। कुछ जगहों पर राहगीरों को रुककर मौसम सामान्य होने का इंतजार करना पड़ा। अचानक बदले मौसम के चलते बाजारों और सड़कों पर भी लोगों की आवाजाही कम हो गई। वहीं, बारिश से तापमान में गिरावट दर्ज की गई, जिससे लोगों ने राहत की सांस ली। हालांकि तेज हवा के कारण कुछ स्थानों पर अस्थायी रूप से बिजली आपूर्ति भी बाधित हुई।
मौसम विभाग के अनुसार, आगामी दिनों में भी इसी तरह के बदलाव की संभावना बनी हुई है। प्रशासन ने लोगों से सतर्क रहने और खराब मौसम के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचने की अपील की है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / ज्योति पाठक

