home page

हमे भारतीय सेना पर गर्व है, सभी भारतीय अपने सेना पर गौरवान्वित : पुष्पराज सिंह

 | 
हमे भारतीय सेना पर गर्व है, सभी भारतीय अपने सेना पर गौरवान्वित : पुष्पराज सिंह


जौनपुर, 07 मई (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी के जिलाध्यक्ष पुष्पराज सिह ने आपरेशन सिंदूर की सफलता पर खुशी मनाते हुये कहा कि हमे भारतीय सेना पर गर्व है। सभी भारतीय अपने सेना पर गौरवान्वित महसूस कर रहे हैं।

भारतीय सेना ने पाकिस्तान और पीओके के अंदर आतंकी ठिकानों को नेस्तनाबूद कर दिया। जिसमें आतंकी सरगना हाफिज सईद और मसूद अजहर के ठिकाने शामिल हैं। सेना ने पाकिस्तान के 100 किलोमीटर अंदर मिसाइल हमले कर नौ आतंकी ठिकानों को ध्वस्त किया।

उन्होंने आगे कहा कि यह हमला 22 अप्रैल को पहलगाम में हुए वीभत्स आतंकी हमले के शिकार नागरिकों और उनके परिवारों को न्याय देने के लिए किया। जिन ठिकानो में आतंकियों को प्रशिक्षित किया जाता था, उसको ही टारगेट किया गया। तारीफ की बात यह है कि इसमें यह ध्यान रखा गया कि रिहाइशी इलाकों और आम नागरिकों को नुकसान न पहुंचे।

उन्होंने आगे कहा 22 अप्रैल को लश्कर-ए-तैयबा से पाकिस्तान से प्रशिक्षित आतंकियों ने कश्मीर के पहलगाम में पर्यटकों पर बर्बरतापूर्ण हमला कर 25 भारतीयों और एक विदेशी नागरिक को कायरतापूर्ण तरीके से मार दिया। यह मुंबई हमले के बाद आतंकी हमलों में आम नागरिकों के मारे जाने की सबसे गंभीर घटना थी। इस हमले में वहां मौजूद लोगों को करीब से और उनके परिवार के सामने सिर पर गोली मारी गई थी। यह नसीहत भी दी गई कि वे हमले का संदेश पहुंचाएं। यह जम्मू-कश्मीर में बहाल हो रही सामान्य स्थिति को बाधित करने के लिए हुआ था। इस हमले का उद्देश्य पर्यटन को प्रतिकूल रूप से नुकसान पहुंचाना था।

उन्होंने कहा कि आज सुबह भारत ने सीमा पार हमलों को रोकने और उनका प्रतिरोध करने के अपने अधिकार का प्रयोग किया। यह कार्रवाई नपी-तुली और बिना उकसावे वाली रही। पहलगाम में आतंकी हमले के बाद ही मोदीजी ने सेना को कार्रवाई के लिए खुली छूट दे दी थी। इसके बाद से ही कुछ बड़ा होने की संभावना थी। उन्‍होंने कहा कि ऑपरेशन सिंदूर बहुत सोच-समझकर किया गया है। जल्‍दबाजी में नहीं किया गया है। मोदी जी दूसरे दिन जब वापस आए हैं, उसी दिन अपनी प्रतिक्रिया दे दी थी कि हम कुछ बड़ा करेंगे। पाकिस्‍तान के घर में घुसकर मारेंगे। ऐसे काम करने में हमारी तीनों सेनाएं सक्षम हैं।

हिन्दुस्थान समाचार / विश्व प्रकाश श्रीवास्तव