गंगा बैराज का जलस्तर 27 सेंटीमीटर घटा, खतरे के निशान से 1.18 मीटर नीचे
कानपुर, 18 सितंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद कानपुर स्थित गंगा बैराज में शुक्रवार को जलस्तर में फिर गिरावट दर्ज की गई। अपस्ट्रीम का जलस्तर 113.820 मीटर रहा, जो चेतावनी स्तर 114 मीटर से 18 सेंटीमीटर नीचे है। वहीं डाउनस्ट्रीम का जलस्तर 113.380 मीटर दर्ज किया गया। बैराज से 3,17,814 क्यूसेक पानी का डिस्चार्ज दर्ज हुआ। यह जानकारी जिलाधिकारी जितेंद्र प्रताप सिंह ने दी।
उन्होंने बताया कि गुरुवार को अपस्ट्रीम का जलस्तर 114.090 मीटर था, जो शुक्रवार को 27 सेंटीमीटर घटकर 113.820 मीटर रह गया। डाउनस्ट्रीम में भी 113.630 मीटर से घटकर 113.380 मीटर जलस्तर दर्ज किया गया। इसी तरह बैराज से होने वाला डिस्चार्ज 3,46,893 क्यूसेक से घटकर 3,17,814 क्यूसेक रह गया।
शुक्लागंज में भी गंगा का जलस्तर घटा है। शुक्रवार को यहां जलस्तर 112.340 मीटर दर्ज किया गया, जबकि गुरुवार को यह 112.850 मीटर था। यानी एक दिन में 51 सेंटीमीटर की कमी आई। शुक्लागंज में चेतावनी स्तर 113 मीटर और खतरे का निशान 114 मीटर है।
हरिद्वार बैराज से 71,719 क्यूसेक और नरौरा बैराज से 53,211 क्यूसेक पानी का डिस्चार्ज दर्ज किया गया। इससे कानपुर में गंगा के जलस्तर में गिरावट का क्रम बना हुआ है।
आगे उन्होंने कहा कि गंगा के जलस्तर में लगातार कमी दर्ज की जा रही है। इसके बावजूद प्रशासन की निगरानी बनी हुई है। बाढ़ प्रभावित और संवेदनशील क्षेत्रों में अधिकारियों को लगातार स्थिति पर नजर रखने तथा आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप

