कानपुर में गंगा बैराज में जलस्तर 21 सेंटीमीटर घटा, शुक्ला गंज में भी गिरावट
कानपुर, 17 सितंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद कानपुर में गंगा बैराज में गुरुवार को जलस्तर में बुधवार के मुकाबले 21 सेंटीमीटर की गिरावट दर्ज की गई। अपस्ट्रीम का जलस्तर बुधवार को 114.300 मीटर था, जो गुरुवार को घटकर 114.090 मीटर रह गया। यह चेतावनी स्तर 114 मीटर से नौ सेंटीमीटर ऊपर है। डाउनस्ट्रीम का जलस्तर भी 113.830 मीटर से घटकर 113.630 मीटर हो गया।
जिलाधिकारी कार्यालय से मिली जानकारी के अनुसार बैराज से पानी का डिस्चार्ज भी एक दिन में 370392 क्यूसेक से घटकर 346893 क्यूसेक रह गया। यानी 23499 क्यूसेक की कमी हुई। वहीं, शुक्लागंज में बुधवार के 112.760 मीटर के मुकाबले गुरुवार को जलस्तर 112.550 मीटर दर्ज किया गया। यहां भी 21 सेंटीमीटर की गिरावट हुई और जलस्तर चेतावनी स्तर से 45 सेंटीमीटर नीचे है।
हरिद्वार बैराज से पानी का डिस्चार्ज बुधवार के 71666 क्यूसेक के मुकाबले घटकर 70705 क्यूसेक रह गया। नरौरा बैराज से भी डिस्चार्ज 62398 क्यूसेक से घटकर 58389 क्यूसेक दर्ज किया गया। जिलाधिकारी जितेंद्र प्रताप सिंह ने कहा कि गंगा के जलस्तर की लगातार निगरानी की जा रही है। बाढ़ प्रभावित और संवेदनशील क्षेत्रों में प्रशासन को सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं। जरूरत पड़ने पर प्रभावित लोगों को तत्काल सहायता उपलब्ध कराने के लिए सभी जरूरी इंतजाम रखे गए हैं।
----------------
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप

