home page

गोविंद नगर विधानसभा में एसएआईआर अभियान को लेकर वार रूम स्थापित

 | 
गोविंद नगर विधानसभा में एसएआईआर अभियान को लेकर वार रूम स्थापित


कानपुर, 05 फरवरी (हि.स.)। गहन मतदाता पुनरीक्षण अभियान (एसएआईआर) को प्रभावी बनाने के लिए भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ता युद्ध स्तर पर दिन-रात कार्य कर रहे हैं। इसी क्रम में गोविंद नगर विधानसभा के विधायक सुरेंद्र मैथानी ने अपनी विधानसभा में एक वार रूम की स्थापना की है। गोविंद नगर विधानसभा के इस वार रूम की संयोजक भाजपा नेत्री किरन तिवारी को बनाया गया है।

किरन तिवारी ने गुरुवार काे बताया कि गोविंद नगर विधानसभा में कुल चार मंडल हैं। प्रत्येक मंडल में एक संयोजक और दो सह-संयोजक नियुक्त किए गए हैं। रामलाल मंडल से संयोजक सुलेखा सिंह, पनकी मंडल से शिप्रा सक्सेना, लाजपत नगर मंडल से सुमन सक्सेना तथा रतनलाल नगर मंडल से सुमित्रा को सह-संयोजक बनाया गया है।

उन्होंने बताया कि वार रूम के माध्यम से गोविंद नगर विधानसभा की मॉनिटरिंग टीम प्रतिदिन अपनी सहयोगी महिला कार्यकर्ताओं के साथ सुबह 11 बजे से शाम पांच बजे तक सभी शक्ति केंद्रों के संयोजक, बूथ अध्यक्षों और बीएलए से संपर्क करती है। इस दौरान प्रतिदिन बनाए गए नए मतदाताओं की संख्या और अब्सेंट, शिफ्टेड व डेथ (एएसडी) सूची पर किए जा रहे कार्य की जानकारी ली जाती है तथा बूथवार रिपोर्ट तैयार की जाती है।

इस रिपोर्ट की प्रतिदिन समीक्षा विधायक सुरेंद्र मैथानी द्वारा की जाती है। जिन बूथों पर किसी प्रकार की समस्या सामने आती है, उनका त्वरित निस्तारण विधायक स्तर से कराया जाता है।

भाजपा जिला मीडिया प्रभारी अनुराग शर्मा ने बताया कि कानपुर उत्तर जिले की चारों विधानसभाओं में वार रूम संचालित किए जा रहे हैं। सभी विधानसभाओं से प्रतिदिन की रिपोर्ट नवीन मार्केट स्थित जिला भाजपा कार्यालय के केंद्रीय वार रूम को भेजी जा रही है।

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप