वाराणसी में परिषदीय विद्यालयों के शिक्षामित्रों को बढ़े मानदेय का चेक वितरित
वाराणसी, 05 मई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के वाराणसी जिले में चौकाघाट के
गिरिजा देवी सांस्कृतिक संकुल, में मंगलवार को परिषदीय विद्यालयों के शिक्षामित्रों के बढ़े हुए मानदेय के चेक वितरण एवं सम्मान समारोह संपन्न हुआ। इस अवसर पर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गोरखपुर के गुरु गम्भीराथ प्रेक्षागृह में आयोजित कार्यक्रम का सजीव प्रसारण भी किया गया, जिसे उपस्थित जनसमूह ने उत्साहपूर्वक देखा।
वाराणसी में कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन एवं मां सरस्वती की प्रतिमा पर माल्यार्पण के साथ हुआ। तत्पश्चात परिषदीय विद्यालयों के विद्यार्थियों द्वारा सरस्वती वंदना एवं स्वागत गीत की प्रस्तुति दी गई, जिससे कार्यक्रम का वातावरण सांस्कृतिक एवं प्रेरणादायक बना।
राज्य मंत्री स्वतंत्र प्रभार रविंद्र जायसवाल ने प्रदेश में बेसिक शिक्षा के क्षेत्र में हो रहे उल्लेखनीय कार्यों के लिए मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त करते हुए शिक्षामित्रों के मानदेय में वृद्धि को उनके सम्मान एवं आत्मसम्मान से जुड़ा महत्वपूर्ण निर्णय बताया।
कैबिनेट मंत्री अनिल राजभर ने शिक्षामित्रों एवं शिक्षकों की भूमिका को राष्ट्र निर्माण की आधारशिला बताते हुए कहा कि वे देश के भविष्य के निर्माण में महत्वपूर्ण योगदान दे रहे हैं। उन्होंने मानदेय वृद्धि के निर्णय को शिक्षामित्रों के मनोबल को सुदृढ़ करने वाला ऐतिहासिक कदम बताया।
विधायक सौरभ जायसवाल ने ग्रामीण क्षेत्रों में अध्ययनरत विद्यार्थियों के लिए शिक्षामित्रों के योगदान को अत्यंत महत्वपूर्ण बताया। एमएलसी धर्मेंद्र सिंह ने मानदेय वृद्धि को शिक्षामित्रों के लिए प्रेरणादायक एवं लाभकारी कदम बताया।
कार्यक्रम के अंत में शिक्षामित्रों को बढ़े हुए मानदेय के प्रतीक स्वरूप डमी चेक वितरित कर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर उपस्थित शिक्षामित्रों में उत्साह एवं संतोष का वातावरण परिलक्षित हुआ।
समारोह में भाजपा के जिलाध्यक्ष हंसराज विश्वकर्मा, महानगर अध्यक्ष प्रदीप अग्रहरि, वाराणसी जिलाधिकारी, मुख्य विकास अधिकारी, एडी बेसिक, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी एवं विभिन्न विकास खंडों के खंड शिक्षा अधिकारियों की उपस्थिति रही।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / शरद

