प्रधानमंत्री के स्वर्ण खरीद में कमी वाली अपील का वाराणसी के दुकानदारों पर मिलाजुला असर
वाराणसी, 12 मई (हि.स.)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के स्वर्ण (सोना) खरीद में कमी लाने की अपील पर वाराणसी में स्वर्णकार समाज के छोटे बड़े दुकानदारों की प्रतिक्रिया सामने आ रही है। दुकानदारों ने मिलीजुली प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि स्वदेशी भावना से प्रधानमंत्री मोदी ने स्वर्ण कम खरीदने की अपील की है, जिससे देश का धन देश में ही ज्यादा से ज्यादा रहे। प्रधानमंत्री की अपील देश को सुरक्षित करने के लिए है।
कोदई चौकी स्थित चतुर्वेदी आभूषण केंद्र के रोहित चतुर्वेदी और उनके पिता ने बताया कि प्रधानमंत्री मोदी ने एक वर्ष की योजना में स्वर्ण की खरीद करने को लेकर एक बयान दिया है, जिसका आम जनमानस पर असर तो है लेकिन इसका सोने की बिक्री पर कोई असर नहीं है। लोग जितना कम सोना खरीदेंगे, उतनी बचत कर सकेंगे। इसी उद्देश्य से प्रधानमंत्री ने अपने उद्बोधन में लोगों से अपील की है। फिर भी शादी विवाह के सीजन में सोने चांदी की बिक्री पहले जैसी ही हो रही है।
नाटी इमली क्षेत्र में प्रज्ञा ज्वैलर्स के मालिक ओमकार ने कहा कि आज के समय में प्रधानमंत्री कोई भी अपील या फैसला देश हित में लेते हैं। स्वर्ण खरीद को लेकर दिया हुआ बयान भी निश्चित ही देश के हित में किसी योजना का एक रूप है।
उन्होंने कहा कि कल से आज तक में चांदी का रेट बढ़ा है और सोने का रेट भी डेढ़ लाख रुपये 10 ग्राम तक पहुंच चुका है। वाराणसी में चांदी सोने के उछाल के कारण शादी विवाह के सीजन में भी अब उतने आभूषण नहीं बन रहे। फिर भी वाराणसी के दुकानदारों की बिक्री पर कोई असर नहीं है, यहां बाहर जाने वाला पर्यटक भी खरीदारी करता है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / शरद

