home page

वृंदावन यात्रा में दर्शन से पहले देवरिया के युवक की बिगड़ी तबियत, तोड़ा दम

 | 
वृंदावन यात्रा में दर्शन से पहले देवरिया के युवक की बिगड़ी तबियत, तोड़ा दम


देवरिया, 06 जून (हि.स.)। धार्मिक आस्था के साथ परिवार के लोगों के संग वृंदावन पहुंचे एक युवक की अचानक हुई मौत ने खुशियों को गहरे शोक में शनिवार को बदल गई। देर शाम को एंबुलेंस से देवरिया शव पोस्टमार्टम हाउस पहुंचा।

पथरदेवा नगर पंचायत के सुभाष चंद्र बोस नगर निवासी सत्य प्रकाश सिंह (25) 3 मई को परिवार के साथ बांके बिहारी लाल भगवान के दर्शन करने वृंदावन गए थे। बताया जाता है कि मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की कतार में खड़े रहने के दौरान उन्हें अचानक बेचैनी महसूस हुई। कुछ ही क्षणों में वह जमीन पर गिर पड़े। मौके पर मौजूद लोगों ने तत्काल उन्हें उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टर उन्हें बचा नहीं सके।

प्रारंभिक स्तर पर हृदय संबंधी समस्या की आशंका जताई जा रही है, लेकिन परिजन इसे सामान्य घटना मानने को तैयार नहीं हैं। मृतक के पिता राम नक्षत्र सिंह ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच और पोस्टमार्टम की मांग की है। उनका कहना है कि जांच रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि हो सकेगी।

मृतक सत्य प्रकाश सिंह पेशे से लैब टेक्नीशियन थे और परिवार की आर्थिक जिम्मेदारियों का महत्वपूर्ण आधार थे। परिवार में उनकी पत्नी जूही सिंह, मां बिंदु देवी और दो बहनें हैं। वह माता-पिता के इकलौते पुत्र थे। उनकी असमय मौत से न केवल परिवार, बल्कि पूरे मोहल्ले में शोक का माहौल है। उन्होंने जो यात्रा श्रद्धा और उत्साह के साथ शुरू की थी, वह परिवार के लिए जीवन भर का दर्द छोड़ गई।

देवरिया सदर कोतवाली पुलिस ने विधिक कार्रवाई कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।थानेदार राकेश राय ने बताया कि पोस्टमार्टम के बाद ही मौत की पुष्टि हो सकेगी।-------------

हिन्दुस्थान समाचार / ज्योति पाठक