home page

लाखों बुजुर्ग महिलाओं को मासिक वृद्धापेंशन दे रही योगी सरकार

 | 
लाखों बुजुर्ग महिलाओं को मासिक वृद्धापेंशन दे रही योगी सरकार


लखनऊ, 08 मई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश सरकार वर्तमान में 29,23,364 बुजुर्ग महिलाओं को वृद्धापेंशन का लाभ दे रही है। आर्थिक रूप से कमजोर और असहाय महिलाओं के लिए यह योजना जीवन का मजबूत सहारा साबित हो रही है। योगी सरकार में एक हजार रुपये प्रति माह की आर्थिक सहायता दी जाती है। डीबीटी के जरिए हर तिमाही तीन हजार रुपये सीधे बैंक खाते में भेजे जाते हैं। नियमित पेंशन मिलने से न केवल उनकी दैनिक जरूरतें पूरी हो रही हैं, बल्कि उनमें आत्मसम्मान और आत्मनिर्भरता की भावना भी मजबूत हुई है।

समाज कल्याण विभाग के राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) असीम अरूण ने शुक्रवार काे बताया कि वृद्धावस्था पेंशन योजना को पूरी पारदर्शिता के साथ संचालित किया जा रहा है। पेंशन की धनराशि सीधे लाभार्थियों के बैंक खातों में भेजी जा रही है, जिससे बिचौलियों की भूमिका खत्म हुई है और पात्र महिलाओं तक समय पर सहायता पहुंच रही है। योगी सरकार की इस पहल से ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में रहने वाली बुजुर्ग महिलाओं को बड़ा आर्थिक संबल मिला है।

उन्हाेंने बताया कि प्रदेश में जौनपुर जिला वृद्धावस्था पेंशन योजना का सबसे बड़ा लाभार्थी जिला बनकर उभरा है। यहां 1,00,820 बुजुर्ग महिलाओं को पेंशन का लाभ मिल रहा है। इसके बाद दूसरे स्थान पर आजमगढ़ है, जहां 86,166 महिलाओं को योजना से जोड़ा गया है। वहीं बलिया में 79,160 बुजुर्ग महिलाएं इस योजना का लाभ उठा रही हैं। पूर्वांचल के जिलों में आर्थिक रूप से कमजोर बुजुर्ग महिलाओं को इस योजना से जोड़कर उन्हें सामाजिक सुरक्षा प्रदान की गई है। वहीं प्रशासनिक स्तर पर लगातार पात्र महिलाओं की पहचान कर उन्हें योजना से जोड़ने का कार्य भी किया जा रहा है, ताकि कोई जरूरतमंद महिला लाभ से वंचित न रहे।

योगी सरकार में नियमित आर्थिक सहायता मिलने से बुजुर्ग महिलाओं को छोटी-छोटी जरूरतों के लिए दूसरों पर निर्भर नहीं रहना पड़ता। योगी सरकार में एक हजार रुपये प्रति माह की आर्थिक सहायता दी जाती है। डीबीटी के जरिए हर तिमाही तीन हजार रुपये सीधे बैंक खाते में भेजे जाते हैं। दवा, राशन और अन्य आवश्यक खर्चों में यह राशि काफी मददगार साबित हो रही है।

हिन्दुस्थान समाचार / बृजनंदन