home page

मतदाता पुनरीक्षण अभियान में जुटें भाजपा कार्यकता : ब्रजेश पाठक

 | 
मतदाता पुनरीक्षण अभियान में जुटें भाजपा कार्यकता : ब्रजेश पाठक


लखनऊ, 19 नवंबर (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी लखनऊ महानगर द्वारा मतदाता जोड़ो अभियान को गति देने के लिए गुरूवार को महानगर की सभी छह विधानसभाओं में कार्यशालाओं का आयोजन किया गया। कार्यशालाओं में पार्टी पदाधिकारियों, विधानसभा प्रभारियों, विस्तारकों एवं कार्यकर्ताओं को मतदाता सूची में पात्र नागरिकों का नाम जोड़ने, छूटे हुए मतदाताओं को सूची में शामिल कराने तथा मतदाता सूची में किसी भी प्रकार की त्रुटि को दुरुस्त कराने के लिए सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया गया।

कैंट विधानसभा की कार्यशाला राजभवन कॉलोनी स्थित उपमुख्यमंत्री आवास पर उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक एवं महानगर अध्यक्ष आनंद द्विवेदी की उपस्थिति में हुई। कार्यशाला को संबोधित करते हुए उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने कहा कि भाजपा कार्यकर्ता मतदाता पुनरीक्षण अभियान में पूरी ताकत के साथ लगें। उन्होंने कहा लोकतंत्र की मजबूती के लिए मतदाता सूची का शुद्ध एवं अद्यतन होना अत्यंत आवश्यक है। प्रत्येक पात्र नागरिक का नाम मतदाता सूची में होना उसका लोकतांत्रिक अधिकार है। कार्यकर्ता घर-घर संपर्क कर लोगों को मतदाता सूची में अपना नाम जांचने के लिए जागरूक करें और जिन पात्र नागरिकों का नाम सूची में नहीं है, उनका नाम जुड़वाने में सहयोग करें।

हजरतगंज स्थित हलवासिया कोर्ट में मध्य विधानसभा की कार्यशाला को संबोधित करते हुए प्रदेश उपाध्यक्ष डॉ. नीरज सिंह ने कहा कि मतदाता जोड़ो अभियान लोकतंत्र को मजबूत करने का महत्वपूर्ण अभियान है। कार्यकर्ता पूरी जिम्मेदारी के साथ अभियान को जन-जन तक पहुंचाएं। नए मतदाताओं, युवाओं एवं ऐसे नागरिकों तक पहुंच बनाएं जिनका नाम मतदाता सूची में शामिल नहीं है, ताकि कोई भी पात्र नागरिक मतदान के अधिकार से वंचित न रहे।

पश्चिम विधानसभा की कार्यशाला राजाजीपुरम स्थित एसकेडी सभागार में आयोजित हुई, जिसमें भाजपा लखनऊ महानगर अध्यक्ष आनंद द्विवेदी मुख्य अतिथि रहे। उत्तर विधानसभा की कार्यशाला सीतापुर रोड स्थित ब्रज की रसोई सभागार में विधायक डॉ. नीरज बोरा एवं महानगर महामंत्री घनश्याम दास अग्रवाल की उपस्थिति में आयोजित हुई। पूरब विधानसभा में विधायक ओपी श्रीवास्तव एवं महानगर महामंत्री सत्येंद्र सिंह की उपस्थिति में कार्यशाला संपन्न हुई। सरोजिनी नगर विधानसभा की कार्यशाला विधायक कार्यालय सरोजिनी नगर में प्रदेश मंत्री शिव भूषण सिंह की उपस्थिति में आयोजित की गई।

हिन्दुस्थान समाचार / बृजनंदन