पोलिंग स्टेशनों पर मतदाता सहायता शिविर लगा भाजपा ने मतदाताओं काे दी सहूलियत
कानपुर, 05 फरवरी (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश नेतृत्व के निर्देश पर भाजपा कानपुर उत्तर जिले के सभी पोलिंग स्टेशनों पर गुरुवार को मतदाता सहायता शिविर लगाए गएं। इन शिविरों के माध्यम से गहन मतदाता पुनरीक्षण अभियान (एसआईआर) को प्रभावी ढंग से आगे बढ़ाया जा रहा है, ताकि कोई भी पात्र या युवा मतदाता सूची में नाम जुड़वाने से वंचित न रह जाए।
भाजपा कानपुर उत्तर के जिला अध्यक्ष अनिल दीक्षित ने जिले की चारों विधानसभाओं के विभिन्न पोलिंग स्टेशनों का निरीक्षण किया और वहां मौजूद कार्यकर्ताओं का उत्साहवर्धन किया। इस दौरान उन्होंने कार्यकर्ताओं से अपील की कि एसआईआर अभियान को युद्ध स्तर पर संचालित किया जाए और अधिक से अधिक नए मतदाताओं को जोड़ा जाए। जिला अध्यक्ष ने युवाओं से फार्म-6 ऑनलाइन भरवाने पर विशेष जोर दिया।
उन्होंने बताया कि भारतीय जनता पार्टी की आईटी टीम प्रत्येक सहायता शिविर में मौजूद रहकर युवाओं को ऑनलाइन मतदाता पंजीकरण की प्रक्रिया की जानकारी दे रही है और उन्हें प्रशिक्षित कर रही है।
भाजपा जिला मीडिया प्रभारी अनुराग शर्मा ने बताया कि जिला अध्यक्ष ने सीसामऊ विधानसभा के भारतीय विद्यालय पोलिंग स्टेशन, कल्याणपुर विधानसभा के आर बीआरडी कॉलेज पोलिंग स्टेशन तथा गोविंद नगर विधानसभा के रामलाला पोलिंग स्टेशन का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने कार्यकर्ताओं को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए। निरीक्षण के समय जिला महामंत्री अवधेश सोनकर, मंडल अध्यक्ष शुभम दीक्षित, अंशु ठाकुर, प्रशांत त्रिपाठी और अजय शुक्ला सहित अन्य पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप

