home page

वीडीए की महत्वाकांक्षी परियोजना ‘आनंद काशी सिटी’ सोशल मीडिया पर छाई, लोगों में बढ़ा क्रेज

 | 
वीडीए की महत्वाकांक्षी परियोजना ‘आनंद काशी सिटी’ सोशल मीडिया पर छाई, लोगों में बढ़ा क्रेज


—वीडियो में इसे वाराणसी की पहली गेटेड सिटी के रूप में किया गया प्रस्तुत

वाराणसी, 09 जून (हि.स.)। उत्तर प्रदेश में वाराणसी विकास प्राधिकरण (वीडीए) की महत्वाकांक्षी आवासीय परियोजना ‘आनंद काशी सिटी’ इन दिनों सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बनी हुई है। परियोजना के प्रचार-प्रसार के लिए वीडीए ने 08 जून को अपने आधिकारिक ‘एक्स’ अकाउंट पर इसका वीडियो साझा किया, जिसे व्यापक प्रतिक्रिया मिल रही है।

वीडियो में इसे वाराणसी की पहली आधुनिक गेटेड सिटी के रूप में प्रस्तुत किया गया है। वीडीए द्वारा भविष्य की शहरी आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए इस परियोजना को लगभग 250 एकड़ क्षेत्र में विकसित किया जा रहा है। वीडीए के उपाध्यक्ष पूर्ण बोरा के अनुसार, यह आवासीय एवं बहुउद्देशीय टाउनशिप होगी, जिसके लिए अब तक 135 एकड़ से अधिक भूमि रजिस्ट्री के माध्यम से तथा लगभग 15 एकड़ भूमि लैंड पूलिंग मॉडल के जरिए प्राप्त की जा चुकी है। तीनों परियोजनाओं में आधुनिक शहरी सुविधाएं, उन्नत सुरक्षा व्यवस्था, हरित क्षेत्र और सुव्यवस्थित आधारभूत ढांचा विकसित किया जाएगा। आनंद काशी टाउनशिप का रेरा पंजीकरण प्रक्रिया में है और इसे जुलाई 2025 में आम जनता के लिए लॉन्च करने की तैयारी की जा रही है।

—तीन बड़ी परियोजनाओं पर एक साथ काम

वीडीए की इस महायोजना के अंतर्गत कल्लीपुर में लगभग 250 एकड़ क्षेत्रफल में ‘आनंद काशी टाउनशिप’, मढ़नी में 165 एकड़ में ‘रुद्र विहार टाउनशिप’ तथा राजातालाब के गंजारी क्षेत्र में 160 एकड़ में प्रस्तावित स्पोर्ट्स सिटी को विकसित किया जा रहा है। इन परियोजनाओं को गति देने के लिए उत्तर प्रदेश सरकार ने शुरुआती चरण में 400 करोड़ रुपये की राशि जारी की है। परियोजना के प्रथम चरण में 72 वर्गमीटर से लेकर 450 वर्गमीटर तक के 300 से अधिक आवासीय प्लॉट उपलब्ध कराए जाएंगे। इनका आवंटन पूरी तरह पारदर्शी लॉटरी प्रणाली के माध्यम से किया जाएगा, जिससे समाज के सभी वर्गों को समान अवसर मिल सके। हालांकि, भूखंडों की संख्या, संभावित दरों, आवंटन प्रक्रिया और अन्य तकनीकी पहलुओं से संबंधित विस्तृत आधिकारिक जानकारी अभी सार्वजनिक नहीं की गई है। इसके बावजूद वीडीए के व्यापक प्रचार अभियान ने रियल एस्टेट बाजार में नई हलचल पैदा कर दी है।

—तीन दशक बाद बड़ी टाउनशिप योजना

लालपुर आवास योजना की सफलता के बाद लगभग तीन दशक पश्चात वीडीए इतने बड़े पैमाने पर आवासीय और व्यावसायिक टाउनशिप परियोजनाओं को मूर्त रूप देने में जुटा है। विशेष बात यह है कि इस योजना में पहली बार लैंड पूलिंग मॉडल को अपनाया गया है, जिसके तहत किसान विकास प्रक्रिया के भागीदार बनेंगे और बदले में उन्हें विकसित भूखंड प्रदान किए जाएंगे। सूत्रों के अनुसार, वीडीए अब तक किसानों को 550 करोड़ रुपये से अधिक का मुआवजा दे चुका है। शुरूआती संकोच के बाद अब किसान स्वयं आगे आकर अपनी भूमि उपलब्ध करा रहे हैं।

—आधुनिक सुविधाओं के साथ विकसित होगी गेटेड सिटी

वीडीए प्रशासन तीनों टाउनशिप में बुनियादी ढांचे को मजबूत करने पर विशेष जोर दे रहा है। प्रत्येक परियोजना में 200 करोड़ रुपये से अधिक का निवेश किया जा रहा है। यहां चौड़ी सड़कें, बड़े पार्क, हरित क्षेत्र तथा अत्याधुनिक नागरिक सुविधाएं विकसित की जाएंगी। परियोजनाओं में केवल आवासीय व्यवस्था ही नहीं होगी, बल्कि बड़े होटल, मल्टी-स्पेशलिटी अस्पताल, प्रतिष्ठित शिक्षण संस्थान, ग्रुप हाउसिंग परियोजनाएं और आधुनिक कमर्शियल मॉल भी विकसित किए जाएंगे। इससे स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर सृजित होने की संभावना है।

—काशी की सांस्कृतिक पहचान को मिलेगा नया स्वरूप

वीडीए अधिकारियों के अनुसार, आनंद काशी टाउनशिप की रूपरेखा काशी की प्राचीन सांस्कृतिक विरासत को ध्यान में रखकर विशेष थीम पर तैयार की जा रही है। परियोजना को पर्यावरण अनुकूल बनाने के लिए देश के प्रतिष्ठित लैंडस्केप विशेषज्ञों की सेवाएं ली जा रही हैं। वर्तमान में परियोजना की बाहरी परिधि दीवार, मुख्य प्रवेश द्वार और आंतरिक सड़कों का निर्माण तेजी से जारी है। वहीं, रुद्र विहार टाउनशिप और स्पोर्ट्स सिटी के मास्टर प्लान पर भी कार्य प्रगति पर है। वीडीए को उम्मीद है कि ये परियोजनाएं वाराणसी के नियोजित शहरी विकास को नई दिशा देने के साथ-साथ शहर की आधुनिक पहचान को भी मजबूत करेंगी।

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीधर त्रिपाठी