वाराणसी: तेज रफ्तार टैंकर की चपेट में आने से महिला की मौत, चालक फरार
वाराणसी, 05 अगस्त (हि.स.)। उत्तर प्रदेश में वाराणसी के फूलपुर थाना क्षेत्र के कठिरांव-मीराशाह मार्ग स्थित मलहथ गांव के पास बुधवार को तेज रफ्तार एक टैंकर की चपेट में आने से एक महिला की मौत हो गई। हादसे के बाद चालक वाहन लेकर फरार हो गया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए वाहन और चालक की तलाश शुरू कर दी है।
मृतका की पहचान मलहथ गांव निवासी मीरा देवी (45), पत्नी मुकेश बेनवंशी, के रूप में हुई है। मीरा देवी बुधवार को अपने घर के सामने बकरी लेकर जा रही थीं। इसी दौरान सड़क पार करते समय कठिरांव की ओर से तेज गति से आ रहा खाली टैंकर उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गईं।
घटना की सूचना पर स्थानीय लोग और परिजन मौके पर पहुंच गए। सूचना मिलने पर फूलपुर पुलिस भी मौके पर पहुंची और ग्रामीणों की सहायता से घायल महिला को पिंडरा स्थित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए पांडेयपुर स्थित पंडित दीनदयाल उपाध्याय राजकीय अस्पताल रेफर कर दिया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
फूलपुर थाना प्रभारी ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। दुर्घटना के बाद फरार हुए टैंकर चालक की पहचान वाहन के पंजीकरण नंबर के आधार पर की जा रही है। मामले में आवश्यक विधिक कार्रवाई जारी है।------------------
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीधर त्रिपाठी

