home page

प्रो.शिवम सिंहा ने एओपीएएस कॉन्फ्रेंस में बीएचयू का किया प्रतिनिधित्व

 | 
प्रो.शिवम सिंहा ने एओपीएएस कॉन्फ्रेंस में बीएचयू का किया प्रतिनिधित्व


—पेल्विक एवं एसीटाबुलर ट्रॉमा प्रबंधन में नवीन जानकारियाँ प्राप्त कीं,अनुभव साझा किए

वाराणसी,26 अप्रैल (हि.स.)। काशी हिन्दू विश्वविद्यालय (बीएचयू) चिकित्सा विज्ञान संस्थान के ऑर्थोपेडिक्स विभाग के प्रो. डॉ. शिवम सिन्हा ने एरोसिटी , नई दिल्ली में आयोजित 8वीं एओपीएएस कॉन्फ्रेंस में विश्वविद्यालय का प्रतिनिधित्व किया। एशिया ओशिनिया पेल्विक एंड एसीटाबुलर सोसायटी (एओपीएएस) कॉन्फ्रेंस में फैकल्टी के रूप में प्रो. शिवम ने पोस्टेरियर एसीटैब्युलर फ्रैक्चर डिसलोकेशन के आकलन एवं फिक्सेशन विषय पर व्याख्यान प्रस्तुत किया, जो इंटरैक्टिव एवं विचारोत्तेजक रहा। इस सत्र में देश-विदेश के विशेषज्ञों की सक्रिय भागीदारी रही।

यह जानकारी रविवार को बीएचयू के जनसम्पर्क कार्यालय ने दी। बताया गया कि सम्मेलन में अंतरराष्ट्रीय ख्याति प्राप्त विशेषज्ञों रोमान फ़ाइफ़र (स्विट्ज़रलैंड), मेज़ आचार्य इंदर गिल, निर्भय करंदीकर तथा एमएल चिप राउट जूनियर (अमेरिका) ने भाग लिया। यह मंच विचारों के आदान-प्रदान, केस चर्चा और नवीनतम शल्य तकनीकों के उन्नयन के लिए अत्यंत उपयोगी सिद्ध हुआ।

प्रो. सिन्हा ने विभिन्न विशेषज्ञों के साथ संवाद कर अपने अनुभव साझा किए तथा पेल्विक एवं एसीटाबुलर ट्रॉमा प्रबंधन में नवीन जानकारियाँ प्राप्त कीं। उन्होंने इस सम्मेलन को अत्यंत ज्ञानवर्धक एवं प्रेरणादायक बताया। इस सम्मेलन का आयोजन डॉ विवेक त्रिखा, डॉ समर्थ मित्तल एवं डॉ विजय शर्मा ने जेपीएन एपेक्स ट्रॉमा सेंटर, एम्स के तत्वावधान में किया गया। प्रो.सिन्हा ने अगले वर्ष लखनऊ में आयोजित होने वाले एशिया ओशिनिया पेल्विक एंड एसीटाबुलर सोसायटी सम्मेलन में भाग लेने की भी इच्छा जताई।

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीधर त्रिपाठी