home page

विद्यार्थियों ने लिया स्वच्छता को दैनिक संस्कार बनाने का संकल्प

 | 
विद्यार्थियों ने लिया स्वच्छता को दैनिक संस्कार बनाने का संकल्प


-नगर निगम की पहल:दशाश्वमेध जोन के विभिन्न विद्यालयों में जागरूकता कार्यक्रम

वाराणसी,11 अगस्त (हि.स.)। उत्तर प्रदेश में वाराणसी नगर निगम की पहल पर चल रहे 'स्वच्छता से संस्कार अभियान' के तहत मंगलवार को दशाश्वमेध जोन के विभिन्न विद्यालयों में सोर्स सेग्रीगेशन (कचरे का स्रोत पर पृथक्करण) और स्वच्छता जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। अभियान में विश्वनाथ गली स्थित विश्वनाथ सनातन धर्म इंटर कॉलेज तथा नई सड़क स्थित सनातन धर्म इंटर कॉलेज में विद्यार्थियों को कचरा प्रबंधन और सफाई के प्रति जागरूक किया गया।

अभियान में विशेषज्ञों ने विद्यार्थियों को गीले, सूखे, सैनिटरी और घरेलू हानिकारक कचरे की श्रेणियों के बारे में विस्तार से समझाया। विद्यार्थियों को बताया गया कि भोजन के अवशेष, फल-सब्जियों के छिलके और चाय की पत्ती जैसे गीले कचरे से जैविक खाद तैयार की जा सकती है। वहीं कागज, प्लास्टिक की बोतलें, गत्ता व रैपर जैसे सूखे कचरे को पुनर्चक्रण (रिसाइक्लिंग) के लिए भेजा जा सकता है। सैनिटरी और बैटरी, बल्ब व पेंट के डिब्बों जैसे हानिकारक कचरे को सामान्य कूड़े से अलग रखकर ही निस्तारित किया जाना चाहिए। अभियान के दौरान विद्यार्थियों से संवाद कर उनकी जिज्ञासाओं का समाधान किया गया तथा सिंगल यूज़ प्लास्टिक का उपयोग बंद करने की अपील की गई। विद्यार्थियों को प्रेरित किया गया कि वे घर और विद्यालय में कचरा पृथक्करण अपनाएं और अपने परिजनों व आसपास के लोगों को भी इसके लिए जागरूक करें। कार्यक्रम में यह संदेश दिया गया कि स्वच्छता केवल एक अभियान नहीं, बल्कि हमारी दैनिक आदत और संस्कार है। आयोजन के दौरान बेसिक्स आईईसी और आईटीसी की टीमें विशेष रूप से उपस्थित रहीं।

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीधर त्रिपाठी