home page

वाराणसी: हाइटेक सिटी के आंदोलनकारी कामरेड डॉ पारस नहीं रहे,पार्टी कार्यकर्ता शोकाकुल

 | 
वाराणसी: हाइटेक सिटी के आंदोलनकारी कामरेड डॉ पारस नहीं रहे,पार्टी कार्यकर्ता शोकाकुल


वाराणसी, 05 मई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के वाराणसी जनपद में मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) के वरिष्ठ नेता और हाइटेक सिटी परियोजना के खिलाफ आंदोलन से चर्चित कामरेड डॉ. पारसनाथ (72) का मंगलवार को निधन हो गया। उनके निधन की खबर से पार्टी कार्यकर्ताओं, सामाजिक संगठनों और विभिन्न राजनीतिक दलों में शोक की लहर दौड़ गई।

कामरेड डॉ. पारसनाथ के निधन की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में नेताओं और कार्यकर्ताओं ने काशी विद्यापीठ ब्लॉक क्षेत्र के कोरौता गांव स्थित उनके आवास पर पहुंचकर श्रद्धांजलि अर्पित की। इस दौरान उपस्थित लोगों ने उनके संघर्षशील व्यक्तित्व और सामाजिक सरोकारों को याद किया।इसके बाद उनके आवास से हरिश्चंद्र घाट तक अंतिम यात्रा निकाली गई, जिसमें बड़ी संख्या में कार्यकर्ता शामिल हुए। घाट पर विधि-विधान से उनका अंतिम संस्कार किया गया। मुखाग्नि उनके बड़े पुत्र हरकेश बहादुर ने दी।

अंतिम संस्कार के दौरान कामरेड लालमणि वर्मा, डॉ. शिव शंकर शास्त्री, ब्रजराज, लल्लन, जगदीश, केशव, दूधनाथ पटेल, नीलम पटेल और अनिल कुमार सिंह सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे। कामरेड डॉ. पारसनाथ अपने पीछे दो पुत्रों सहित भरा-पूरा परिवार छोड़ गए हैं। उनके निधन को क्षेत्र में एक बड़ी सामाजिक और राजनीतिक क्षति के रूप में देखा जा रहा है।

--------------

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीधर त्रिपाठी