home page

राहुल गांधी विदेशी ताकतों के प्रभाव में आकर करते हैं भारत विरोधी बातें : प्रकाश पाल

 | 

—भाजपा पिछड़ा मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष ने राहुल गांधी के विदेश यात्राओं पर उठाया सवाल

वाराणसी, 16 जुलाई (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) उत्तर प्रदेश पिछड़ा मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष प्रकाश पाल ने गुरूवार को लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष व कांग्रेस के नेता राहुल गांधी की विदेश यात्राओं पर सवाल उठाया। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी को देश की जनता को यह बताना चाहिए कि इस बार अपनी विदेश यात्रा के दौरान उन्होंने भारत के विरुद्ध क्या कहा है और कौन-सा एजेंडा लेकर वापस लौटे हैं। आरोप लगाया कि राहुल गांधी जब-जब विदेश जाते हैं, तब-तब भारत की छवि को धूमिल करने का प्रयास करते हैं और भारत विरोधी एजेंडे के साथ वापस लौटते हैं।

प्रकाश पाल यहां सर्किट हाउस में पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे। पिछड़ा वर्ग मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि वर्ष 2024 के लोकसभा चुनाव में भी राहुल गांधी एवं उनके सहयोगियों ने संविधान के नाम पर झूठा भ्रम फैलाकर देश की जनता को गुमराह करने का प्रयास किया था। उन्होंने आरोप लगाया कि भारतीय जनता पार्टी के सत्ता में आने पर संविधान बदलने की बात कहकर विपक्ष ने एक झूठा नैरेटिव गढ़ा। राहुल गांधी विदेशी ताकतों के प्रभाव में आकर भारत विरोधी बातें करते रहे हैं। प्रकाश पाल ने कहा कि इंडी गठबंधन के नेता “मंथरा के मानस पुत्र” हैं, जो देश में अस्थिरता का वातावरण उत्पन्न करना चाहते हैं। देश की जनता ऐसे राजनीतिक षड्यंत्रों को भली-भांति समझ चुकी है और आगामी चुनावों में इसका उचित उत्तर देगी।

इंडी गठबंधन (सपा-कांग्रेस) पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि वर्ष 2024 में संविधान के नाम पर झूठा भ्रम फैलाकर प्रदेश की जनता को गुमराह करने का प्रयास किया गया। ऐसे लोगों को वर्ष 2027 में केवल पराजित ही नहीं करना है, बल्कि लोकतांत्रिक तरीके से करारी शिकस्त देनी है। भाजपा पिछड़ा मोर्चा का प्रत्येक कार्यकर्ता एक सशक्त प्रहरी की भांति समाज के बीच खड़ा होकर इस दायित्व का निर्वहन करेगा। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी के मुखिया आज सार्वजनिक मंचों पर अपनी पार्टी का नाम लेने से बच रहे हैं और ‘पीडीए’ का नाम लेकर राजनीति कर रहे हैं। उन्हें ज्ञात है कि यदि वे समाजवादी पार्टी का नाम लेंगे तो प्रदेश की जनता को वर्ष 2012 से 2017 तक का सपा शासन स्मरण हो जाएगा। वार्ता में मोर्चा के क्षेत्र अध्यक्ष अश्विनी पटेल, प्रदेश उपाध्यक्ष चिरंजीव चौरसिया, प्रदेश महामंत्री संजय भाई पटेल आदि भी मौजूद रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीधर त्रिपाठी