महिला आरक्षण बिल के समर्थन में सड़क पर उतरी भाजपा महिला मोर्चा , फूंका पुतला
—कांग्रेस और समाजवादी पार्टी के खिलाफ नारेबाजी करते हुए विरोध जुलूस निकाला
वाराणसी, 22 अप्रैल (हि.स.)। महिला आरक्षण बिल ('नारी शक्ति वंदन अधिनियम' के लिए जरूरी संविधान संशोधन बिल ) के समर्थन में बुधवार को भाजपा महिला मोर्चा ने कड़ी धूप में जन आक्रोश महिला पदयात्रा निकाली। पदयात्रा में शामिल मोर्चा की कार्यकर्ताओं ने समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव और कांग्रेस नेता राहुल गांधी के खिलाफ जमकर नारेबाजी करते हुए लहुंराबीर चौराहे पर दोनों नेताओं का प्रतीक रूप से पुतला फूंक कर आक्रोश जताया।
इस दौरान भाजपा महिला मोर्चा की नेत्री पूजा दीक्षित ने कहा कि विपक्ष महिला आरक्षण जैसे महत्वपूर्ण मुद्दे पर भी राजनीति कर रहा है। महिलाओं के हितों के साथ खिलवाड़ कर रहा है। देश मे जब महिलाओं को अधिकार देने का मौका आया तो कांग्रेस और सपा ने उसे छीन लिया । अन्य नेताओं ने नारी शक्ति वंदन अधिनियम का संशोधन विधेयक लोकसभा में पास नहीं होने पर इसके लिए विपक्ष को जिम्मेदार ठहराया।
महिला नेताओं ने कहा कि नारी शक्ति वंदन अधिनियम केवल एक विधेयक नहीं, बल्कि देश की आधी आबादी को सशक्त बनाने का एक माध्यम है। यह अधिनियम महिलाओं को राजनीतिक, सामाजिक और निर्णयात्मक प्रक्रियाओं में समान भागीदारी सुनिश्चित करने की दिशा में एक क्रांतिकारी कदम है, जिससे उन्हें नेतृत्व के अवसर प्राप्त होते और देश के समग्र विकास को गति मिलती।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने लगभग चार दशकों से लंबित 33 फीसद महिला आरक्षण विधेयक को मंजूरी देकर उसे 2029 से लोकसभा और विधानसभा में लागू करने का प्रस्ताव रखा था। कांग्रेस नेता राहुल गांधी, सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव सहित विपक्ष के अन्य नेता वर्षों से महिला अधिकारों की बात करते रहे हैं, लेकिन जब विधेयक को पारित करने की बारी आई, तो उन्होंने इसका विरोध किया। हम इस 'जन आक्रोश महिला पदयात्रा' को एक अभियान के रूप में हर ज़िले, मंडल और बूथ स्तर तक आगे बढ़ाएंगे।
---------------
.
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीधर त्रिपाठी

