home page

राजन श्रीवास्तव ने काशी हिन्दू विश्वविद्यालय के कुलसचिव का कार्यभार संभाला

 | 
राजन श्रीवास्तव ने काशी हिन्दू विश्वविद्यालय के कुलसचिव का कार्यभार संभाला


वाराणसी, 09 जून (हि.स.)। उत्तर प्रदेश में वाराणसी स्थित काशी हिन्दू विश्वविद्यालय (बीएचयू) के नए कुलसचिव राजन श्रीवास्तव ने मंगलवार को विधिवत कार्यभार संभाल लिया। उन्हें 23 मई को विश्वविद्यालय का कुलसचिव नियुक्त किया गया था। विश्वविद्यालय परिसर स्थित कुलसचिव कार्यालय में प्रो. अरुण कुमार सिंह ने राजन श्रीवास्तव को कुलसचिव का कार्यभार सौंपा।

कार्यभार ग्रहण करने के उपरांत कुलसचिव राजन श्रीवास्तव ने कहा कि महामना की बगिया में सेवा का अवसर प्राप्त होना उनके लिए अत्यंत सौभाग्यपूर्ण एवं विशिष्ट अवसर है। विश्वविद्यालय की प्रगति तथा प्रशासनिक, शैक्षणिक एवं संस्थागत उन्नति के लिए वे सभी सदस्यों के साथ मिलकर कार्य करने के लिए प्रतिबद्ध हैं। केन्द्रीय कार्यालय के विभिन्न अधिकारियों व कर्मचारियों ने भी कुलसचिव से भेंट कर उन्हें शुभकामनाएं प्रेषित कीं।

बताते चलें कि काशी हिंदू विश्वविद्यालय में कार्यभार ग्रहण करने से पूर्व राजन श्रीवास्तव राजीव गांधी पेट्रोलियम प्रौद्योगिकी संस्थान, जायस, अमेठी में प्रतिनियुक्ति पर कुलसचिव के पद पर कार्यरत थे। इससे पहले वे भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (काशी हिंदू विश्वविद्यालय) वाराणसी में प्रभारी कुलसचिव के रूप में लगभग साढ़े चार वर्षों तक अपनी सेवाएं दे चुके हैं। लगभग तीन दशकों के समृद्ध प्रशासनिक अनुभव से संपन्न राजन श्रीवास्तव उच्च शिक्षा प्रशासन एवं वित्तीय प्रबंधन के क्षेत्र में अपनी दक्षता, कार्यकुशलता और नेतृत्व क्षमता के लिए जाने जाते हैं। उन्होंने आईआईटी (बीएचयू) वाराणसी में विभिन्न महत्वपूर्ण प्रशासनिक एवं वित्तीय दायित्वों का सफलतापूर्वक निर्वहन किया है।

राजन श्रीवास्तव ने अपने प्रशासनिक सेवा जीवन की शुरुआत वर्ष 1996 में काशी हिंदू विश्वविद्यालय में सहायक कुलसचिव के रूप में की थी। वर्ष 2009 में उन्हें बीएचयू में उप कुलसचिव पद पर पदोन्नत किया गया। इसके उपरांत वर्ष 2012 में वे उप कुलसचिव के रूप में आईआईटी (बीएचयू), वाराणसी से जुड़े। वर्ष 2014 से वे संयुक्त कुलसचिव के रूप में संस्थान के प्रशासनिक एवं वित्तीय कार्यों का दायित्व संभाल रहे थे। राजन श्रीवास्तव काशी हिंदू विश्वविद्यालय के पुराछात्र भी हैं। उन्होंने काशी हिंदू विश्वविद्यालय से वर्ष 1991 में बी.एससी. तथा वर्ष 1993 में एम.एससी. (वनस्पति विज्ञान) की उपाधि प्राप्त की।

--------------

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीधर त्रिपाठी