home page

अक्षय तृतीया पर पूजे गए भगवान बिंदु माधव, भारत के सुख समृद्धि की कामना से उतारी आरती

 | 
अक्षय तृतीया पर पूजे गए भगवान बिंदु माधव, भारत के सुख समृद्धि की कामना से उतारी आरती


वाराणसी, 19 अप्रैल (हि.स.)। वैशाख माह के शुक्ल पक्ष की तृतीया पर रविवार को नमामि गंगे के स्वयंसेवी सदस्यों ने काशी के प्राचीन विष्णु तीर्थ बिंदु माधव की विधि विधान से आरती उतारी। भगवान श्री हरि नारायण विष्णु के बिंदु माधव स्वरूप व माता लक्ष्मी, भगवान गणेश का विधिवत पूजन-अर्चन कर भारत के लिए सुख-समृद्धि की प्रार्थना की गई। इस दौरान पर्यावरण संरक्षण की कामना की गई। बिंदु माधव से आरोग्य भारत की गुहार लगाई गई। ओम नमो भगवते वासुदेवाय, ओम नमो नारायणाय और शांताकारं भुजंगशयनं पद्मनाभं सुरेशं, विश्वाधारं गगन सदृशं मेघवर्ण शुभांगम् जैसे मंत्रों का जाप करके भगवान विष्णु को प्रसन्न करने की कोशिश की गई।

प्राचीन विष्णु तीर्थ पर पूजन अर्चन के बाद टीम के सदस्यों ने पंचगंगा घाट पर स्वच्छता अभियान चलाया। स्वच्छता को संस्कार में शामिल करने का आवाह्न किया गया। अभियान में शामिल गंगा सेवक राजेश शुक्ला ने यह जानकारी दी।

उन्होंने बताया कि भगवान विष्णु से कामना की गई कि भगवान भारत की रक्षा करें। हमारे देश को सुख, समृद्धि और शांति प्रदान करें। हमारे नागरिकों को स्वस्थ और खुश रखें। हमारे देश की संस्कृति और परंपराओं की रक्षा करें। हमारे देश को हर तरह के संकट से बचाएं। हम आपकी कृपा और आशीर्वाद के लिए प्रार्थना करते हैं। आयोजन में बिंदु माधव मंदिर के महंत पं. मुरलीधर पटवर्धन, वीरेंद्र सिंह, सुशील दीक्षित, अभिजीत सिंह, आनंद सिंह आदि भी शामिल हुए।

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीधर त्रिपाठी