home page

ट्रिपल आईटी में एक माह वीएलएसआई ग्रीष्मकालीन प्रशिक्षण 19 जून से

 | 
ट्रिपल आईटी में एक माह वीएलएसआई ग्रीष्मकालीन प्रशिक्षण 19 जून से


प्रयागराज, 18 जून (हि.स)। भारतीय सूचना प्रौद्योगिकी संस्थान, इलाहाबाद (ट्रिपल आईटी) द्वारा 19 जून से 18 जुलाई तक वीएलएसआई डिजाइन पर 11वें ग्रीष्मकालीन प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है। इसका उद्घाटन 19 जून को संस्थान के प्रशासनिक सभागार में होगा। कार्यक्रम को आईईईई एवं सिस्टम सोसाइटी, उत्तर प्रदेश का तकनीकी सहयोग प्राप्त है।

यह जानकारी ट्रिपल आईटी के पीआरओ डॉ पंकज मिश्र ने गुरुवार को दी। उन्होंने बताया कि इस वर्ष आयोजित प्रशिक्षण कार्यक्रम में देश के विभिन्न राज्यों उत्तर प्रदेश, महाराष्ट्र, तेलंगाना, पश्चिम बंगाल, आंध्र प्रदेश, बिहार, दिल्ली, झारखंड, कर्नाटक, केरल, ओडिशा, तमिलनाडु तथा उत्तराखंड से 80 से अधिक बी.टेक.-बी.ई. छात्र-छात्राएं भाग ले रहे हैं।

उन्होंने बताया कि उद्घाटन समारोह के मुख्य वक्ता वीएलएसआई सोसाइटी ऑफ इंडिया के अध्यक्ष डॉ. सत्य नारायण गुप्ता होंगे। वे “वीएलएसआई उद्योग: वर्तमान रुझान एवं अवसर” विषय पर मुख्य व्याख्यान देंगे तथा प्रतिभागियों को उद्योग की अपेक्षाओं, कॅरियर संभावनाओं और आवश्यक कौशलों के सम्बंध में महत्वपूर्ण जानकारी प्रदान करेंगे।

एक माह की अवधि वाला यह व्यावहारिक प्रशिक्षण कार्यक्रम प्रतिभागियों को एनालॉग एवं डिजिटल इंटीग्रेटेड सर्किट डिजाइन की व्यापक समझ प्रदान करेगा। कार्यक्रम के अंतर्गत एनालॉग एवं डिजिटल आईसी डिजाइन, वेरिलॉग एचडीएल आधारित कार्यान्वयन, केडेन्स जैसे उद्योग-मानक इडीए टूल्स पर प्रशिक्षण तथा सेमीकंडक्टर फैब्रिकेशन तकनीकों की जानकारी दी जाएगी। इसका उद्देश्य विद्यार्थियों को माइक्रोइलेक्ट्रॉनिक्स एवं वीएलएसआई डिजाइन के क्षेत्र में मजबूत आधार प्रदान करना है।

कार्यक्रम का शुभारम्भ प्रो. मनीष गोस्वामी, इलेक्ट्रॉनिक्स एवं संचार अभियांत्रिकी विभाग, ट्रिपल आईटी के स्वागत संबोधन से होगा। वे सेमीकंडक्टर प्रौद्योगिकी के भविष्य, प्रशिक्षण कार्यक्रम के उद्देश्यों तथा आधुनिक समाज में सेमीकंडक्टरों की बढ़ती भूमिका पर प्रकाश डालेंगे। डॉ. आशुतोष सिंह, विभागाध्यक्ष, इलेक्ट्रॉनिक्स एवं संचार अभियांत्रिकी विभाग, प्रतिभागियों को सम्बोधित करते हुए वीएलएसआई डिजाइन के क्षेत्र में अंतर्विषयी अनुसंधान, नवाचार और तकनीकी उत्कृष्टता के महत्व पर अपने विचार रखेंगे।

पीआरओ ने बताया कि कार्यक्रम समन्वयक डॉ. प्रसन्ना कुमार मिश्रा एवं डॉ. कवींद्र कांडपाल कार्यक्रम की रूपरेखा प्रस्तुत करेंगे तथा आधुनिक सभ्यता के विकास में चिप डिजाइन और सेमीकंडक्टर प्रौद्योगिकी की भूमिका पर चर्चा करेंगे। प्रमुख वक्ताओं में प्रमोद जैन, सुरेंद्र ताड़ी, मनोज शर्मा, रवि, आशुतोष सिंह तथा डॉ. संदीप त्रिपाठी शामिल हैं। ये विशेषज्ञ प्रतिभागियों को उभरती सेमीकंडक्टर प्रौद्योगिकियों, वीएलएसआई डिजाइन कार्यप्रणालियों, मेमोरी सिस्टम, चिप डिजाइन फ्लो, उद्योग की नवीनतम प्रवृत्तियों, निर्माण तकनीकों तथा वैश्विक सेमीकंडक्टर उद्योग में उपलब्ध करियर अवसरों से अवगत कराएंगे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विद्याकांत मिश्र