home page

विवाद के बाद सहपऊ सीएचसी से चिकित्सक को हटाया

 | 
विवाद के बाद सहपऊ सीएचसी से चिकित्सक को हटाया


सीएमओ ने की कार्रवाई, जांच के लिए तीन सदस्यीय टीम गठित

चिकित्सकीय परीक्षण को लेकर तैनात चिकित्सक और युवक के बीच हुआ था विवाद।

हाथरस, 08 मई (हि.स.)। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सहपऊ में चिकित्सक डॉ. विनीत सक्सेना और एक व्यक्ति के बीच हुई कहासुनी का वीडियो सामने आया है। वीडियो सामने आने के बाद सीएमओ डॉ. राजीव रॉय ने जांच बैठा दी है। सीएमओ ने डॉ. विनीत सक्सेना को मुरसान सीएचसी से अटैच कर दिया है। इस गंभीर प्रकरण में सीएमएस डॉ. सूर्यप्रकाश की अध्यक्षता में एक जांच टीम का गठन किया गया है।

घटना बुधवार को हुई थी, जब सहपऊ पुलिस ने गांव कोंकना निवासी रिंकू सिंह के खिलाफ शांतिभंग की कार्रवाई की थी। पुलिस दोपहर बाद रिंकू का चिकित्सकीय परीक्षण कराने के लिए सीएचसी पहुंची थी। यहां परीक्षण न होने पर रिंकू के भाई हरेंद्र सिंह और तैनात चिकित्सक डॉ. विनीत सक्सेना के बीच कहासुनी हो गई।

हरेंद्र सिंह का आरोप था कि चिकित्सक कमरे में आराम कर रहे थे और परीक्षण के लिए कहने पर उन्होंने अभद्रता की। वीडियो में चिकित्सक यह कहते हुए सुनाई दे रहे हैं कि चाहे डीएम को बुला लो या पीएम को, वे अब परीक्षण नहीं करेंगे। हंगामे की जानकारी मिलने पर सीएचसी प्रभारी ने दूसरे चिकित्सक को भेजा, जिसके बाद परीक्षण हो सका। डॉ. सक्सेना की तैनाती प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र आरती पर थी, लेकिन घटना वाले दिन उनकी ड्यूटी सीएचसी सहपऊ पर लगाई गई थी। वीडियो सामने आने के बाद सीएमओ ने उन्हें मुरसान सीएचसी से अटैच कर दिया है। सीएमओ डॉ. राजीव रॉय ने शुक्रवार काे बताया कि यह मामला गंभीर है। प्रकरण की जांच के लिए सीएमएस डॉ. सूर्यप्रकाश की अध्यक्षता में तीन सदस्यीय टीम गठित की गई है। इस टीम में एसीएमओ डॉ. मधुर और डिप्टी सीएमओ डॉ. आरएन सिंह भी शामिल हैं। प्रकरण की जांच शुरू कर दी गई है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मदन मोहन राना