home page

भगवान विश्वकर्मा की जयंती पर 'गुलगुला वितरण' करेगी भाजपा

 | 
भगवान विश्वकर्मा की जयंती पर 'गुलगुला वितरण' करेगी भाजपा


लखनऊ, 16 सितंबर (हि.स.)। भगवान विश्वकर्मा जयंती तथा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस के अवसर पर गुरूवार को भारतीय जनता पार्टी प्रदेश कार्यालय पर पिछड़ा वर्ग मोर्चा की ओर से विशेष पूजा-अर्चना एवं 'गुलगुला वितरण' कार्यक्रम का आयोजन होगा। कार्यक्रम का उद्देश्य भगवान श्री विश्वकर्मा जी के प्रति श्रद्धा व्यक्त करने के साथ-साथ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस को सेवा, समर्पण, सद्भाव एवं जनसहभागिता की भावना के साथ मनाना है।

पिछड़ा वर्ग मोर्चा भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष प्रकाश पाल ने जारी बयान में कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का जीवन राष्ट्रसेवा, परिश्रम, समर्पण और जनकल्याण की भावना से प्रेरित रहा है। उनके नेतृत्व में देश में गरीब कल्याण, सामाजिक सशक्तिकरण, कौशल विकास, महिला सशक्तिकरण, स्वच्छता, डिजिटल कनेक्टिविटी एवं आत्मनिर्भरता जैसे विषयों को प्राथमिकता दी गई है। प्रधानमंत्री का संकल्प विकसित भारत के निर्माण की दिशा में देशवासियों को एकजुट होकर कार्य करने की प्रेरणा देता है।

उन्होंने कहा कि भगवान श्री विश्वकर्मा सृजन, निर्माण और कौशल के प्रतीक हैं। प्रधानमंत्री के जन्मदिवस एवं भगवान विश्वकर्मा की जयंती के इस पावन अवसर पर हम सभी को श्रमिकों, कारीगरों, शिल्पकारों और हुनरमंद लोगों के सम्मान तथा उनके योगदान को पहचानने का संकल्प लेना चाहिए। गुलगुला वितरण कार्यक्रम के माध्यम से सेवा, सद्भाव और आपसी भाईचारे का संदेश जन-जन तक पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के स्वस्थ, सुखी एवं दीर्घायु जीवन की मंगलकामना की। भाजपा पिछड़ा वर्ग मोर्चा द्वारा आयोजित यह कार्यक्रम सामाजिक सहभागिता, सेवा और आपसी सद्भाव के मूल्यों को प्रोत्साहित करने का अवसर होगा, जिसमें कार्यकर्ताओं एवं आमजन की भागीदारी सुनिश्चित करने का प्रयास किया जाएगा।

प्रकाश पाल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस को सेवा एवं जनकल्याण की भावना के साथ मनाते हुए समाज के विभिन्न वर्गों तक पहुंचने और जनसहभागिता को बढ़ावा देने का प्रयास किया जा रहा है।

हिन्दुस्थान समाचार / बृजनंदन