home page

अंतरराष्ट्रीय शांति दिवस पर श्री काशी विश्वनाथ धाम से वैश्विक शांति का आह्वान

 | 
अंतरराष्ट्रीय शांति दिवस पर श्री काशी विश्वनाथ धाम से वैश्विक शांति का आह्वान


धाम से गूंजा वसुधैव कुटुंबकम,प्रेम, करुणा और भाईचारे का दिया संदेश

वाराणसी, 21 सितंबर (हि.स.)। अंतरराष्ट्रीय शांति दिवस (21 सितंबर) के अवसर पर सोमवार को उत्तर प्रदेश की धार्मिक नगरी वाराणसी स्थित बाबा श्री काशी विश्वनाथ धाम से सम्पूर्ण विश्व में शांति, सौहार्द और मानवता के कल्याण का आह्वान किया गया। काशी की पवित्र धरा से बाबा विश्वनाथ के दरबार में वैश्विक शांति, भाईचारे और संतापों से मुक्ति के लिए प्रार्थना की गयी। नमामि गंगे काशी क्षेत्र के स्वयंसेवकों के संयोजन में श्री काशीविश्वनाथ धाम में प्रतिष्ठित भारत माता की प्रतिमा के समक्ष 'सर्वे भवन्तु सुखिनः' (सबके सुखी होने) का आशीर्वाद मांगा गया। पूरे दुनिया भर में शांति, अहिंसा और आपसी सद्भाव को बढ़ावा देने के लिए भगवान शिव से गुहार लगाई।

इस अवसर पर कार्यक्रम के संयोजक गंगा सेवक राजेश शुक्ला ने कहा कि भारतीय संस्कृति और आध्यात्मिक केंद्र के रूप में काशी हमेशा से 'सर्वे भवन्तु सुखिन' (सबके सुखी होने) का संदेश देती आई है। मानवता के कल्याण के लिए युद्ध, हिंसा और अशांति से जूझ रही दुनिया को बाबा विश्वनाथ के धाम से करुणा, संयम और सह अस्तित्व का मार्ग अपनाने का संदेश दिया गया है।

शांति प्रार्थना में शिवानंद दीक्षित, विश्वनाथ धवन, रेखा दीक्षित, श्रीनिवास, अन्नपूर्णा देवी, विकास कुमार आदि शामिल रहे।----------

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीधर त्रिपाठी