home page

मृतक विशाल की मां ने विधायक लकी यादव पर लगाया हत्या की साजिश का आरोप, विधायक बोले- मेरा कोई लेना-देना नहीं

 | 
मृतक विशाल की मां ने विधायक लकी यादव पर लगाया हत्या की साजिश का आरोप, विधायक बोले- मेरा कोई लेना-देना नहीं


मृतक विशाल की मां ने विधायक लकी यादव पर लगाया हत्या की साजिश का आरोप, विधायक बोले- मेरा कोई लेना-देना नहीं


जौनपुर, 12 सितंबर (हि.स.)। लाइन बाजार थाना क्षेत्र के रामदयालगंज बाजार में शुक्रवार सुबह हुई विशाल यादव की हत्या के बाद गांव में तनाव का माहौल है। घटना के बाद पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। मृतक की मां ने मल्हनी विधायक लकी यादव पर गंभीर आरोप लगाते हुए घटना के लिए उन्हें जिम्मेदार ठहराया है। हालांकि विधायक ने आरोपों को सिरे से खारिज किया है।मृतक की मां के अनुसार विशाल यादव शुक्रवार सुबह रामदयालगंज बाजार में दाढ़ी-बाल बनवाने गया था। आरोप है कि वहां पहले से मौजूद लोगों ने उसके साथ मारपीट की। उसका हाथ तोड़ने के बाद सिर पर सरिया समेत अन्य सामान से हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया गया। जानकारी मिलने पर परिजन उसे अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।मां ने आरोप लगाया कि विधायक लकी यादव ने अपने बुआ के लड़कों को संरक्षण दे रखा है और उन्हीं लोगों ने घटना को अंजाम दिया। उन्होंने पुलिस से आरोपितों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की। उनका कहना है कि विशाल की किसी से कोई रंजिश नहीं थी। वह काफी समय से बाहर रहकर ट्रेलर चलाता था और परिवार का इकलौता कमाने वाला था।परिजनों ने पुलिस कार्रवाई पर भी सवाल उठाए हैं। आरोप है कि घटना के बाद उनके बेटों के साथ मारपीट की गई और परिवार के खिलाफ ही मुकदमा दर्ज कर दिया गया।विशाल हत्याकांड से रामदयालगंज में तनाव, गांव पुलिस छावनी में तब्दील है इस संबंध में शनिवार को जानकारी लेने पर सपा विधायक लकी यादव ने कहा कि हत्या की घटना से उनका कोई लेना-देना नहीं है। उन्होंने कहा कि विधायक होने के नाते लोग उनके घर आते-जाते हैं और तस्वीरें खिंचवाते हैं। ऐसी ही तस्वीरों को तोड़-मरोड़कर पेश किया जा रहा है। यह विरोधी पार्टियों की साजिश है जो मुझे बदनाम करने का प्रयास कर रहे हैं । उन्होंने घटना की निष्पक्ष जांच की मांग करते हुए कहा कि वह दुख की इस घड़ी में पीड़ित परिवार के साथ हैं और प्रशासन से हरसंभव सहायता दिलाने का प्रयास करेंगे।

हिन्दुस्थान समाचार / विश्व प्रकाश श्रीवास्तव