भारत माता के लिए जीवन लगाना वीरेश्वर द्विवेदी की प्रवृति रही : स्वान्त रंजन
लखनऊ, 04 सितंबर (हि.स.)। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के वरिष्ठ प्रचारक स्वर्गीय वीरेश्वर द्विवेदी की तीसरी पुण्यतिथि के अवसर पर शुक्रवार को लखनऊ के निराला नगर स्थित शोध संस्थान में एक स्मृति सभा का आयोजन किया गया। इस अवसर पर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने स्वर्गीय वीरेश्वर द्विवेदी से जुड़े अपने संस्मरण साझा करते हुए कहा कि, उनकी प्रेरणा आज भी हम सबका मार्गदर्शन करती है।
इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री ने घोषणा करते हुए कहा कि जल्द ही लखनऊ में उनकी स्मृति में किसी पार्क अथवा स्थल का नाम उनके नाम पर करने हेतु मैं संस्तुति करूंगा और उनकी भव्य मूर्ति भी स्थापित कराई जाएगी।
इस अवसर पर मुख्य वक्ता के रूप में मौजूद राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के अखिल भारतीय प्रचारक प्रमुख स्वान्त रंजन ने कहा कि राष्ट्र कार्य के लिए, संघ कार्य के लिए, जहां जब जैसी आवश्यकता हो और कठिन से कठिन क्षेत्र में जाने की हर समय तैयारी और कोई काम अपने लिए नहीं, सिर्फ भारत माता के लिए जीवन लगाना वीरेश्वर द्विवेदी की प्रवृति रही।
स्वान्त रंजन ने राष्ट्रधर्म पत्रिका का जिक्र करते हुए कहा कि राष्ट्रधर्म को अटल जी, दीनदयाल उपाध्याय, वचनेश त्रिपाठी आदि गरिमामयी परंपरा को वीरेश्वर द्विवेदी ने पूरे मनोयोग और दक्षता से आगे ले जाने का काम किया।
पूर्व मंत्री और पूर्व सांसद डा. अशोक वाजपेई ने कहा कि वीरेश्वर का विराट व्यक्तित्व था, उनमें सभी को अपना बनाने की क्षमता थी।
इस अवसर पर राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के वरिष्ठ प्रचारक और विद्या भारती के संरक्षक पदम् ब्रह्मदेव शर्मा 'भाई जी' को वीरेश्वर द्विवेदी की स्मृति में सम्मानित किया गया। कार्यक्रम के उपरांत पौधरोपण किया गया साथ ही वहां मौजूद सभी लोगों को गीता और तुलसी का पौधा वितरित किया गया। कार्यक्रम का संचालन शरद जगदीश मिश्र ने किया।
इस अवसर पर प्रमुख रूप से विद्या भारती के राष्ट्रीय सह संगठन मंत्री यतींद्र, संघ के क्षेत्र प्रचार प्रमुख सुभाष, विद्या भारती के क्षेत्र संगठन मंत्री हेमचंद, अखिल भारतीय साहित्य परिषद के राष्ट्रीय महामंत्री डा.पवनपुत्र बादल, प्रान्त प्रचारक प्रमुख यशोदानंद, सामाजिक समरसता गतिविधि के प्रान्त प्रमुख राजकिशोर, भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता संजय चौधरी, संघ के वरिष्ठ कार्यकर्ता चंद्र प्रकाश अग्निहोत्री, उमाशंकर मिश्र, अर्जुन पण्डित, अंतिमा अवस्थी'इति', नवीन अवस्थी, ज्योति सिक्का एडवोकेट व प्रदीप द्विवेदी सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / बृजनंदन

