home page

सड़क पर धान रोपकर ग्रामीणों का अनोखा प्रदर्शन, जर्जर सड़क के विरोध में फूटा आक्रोश

 | 
सड़क पर धान रोपकर ग्रामीणों का अनोखा प्रदर्शन, जर्जर सड़क के विरोध में फूटा आक्रोश


जौनपुर, 02 अगस्त (हि.स.)। यूपी के जौनपुर में सुजानगंज कुतुबपुर गांव से होकर गुजरने वाली छिमिंयां-हरिपुर संपर्क मार्ग की जर्जर स्थिति से नाराज ग्रामीणों का गुस्सा रविवार को सड़क पर फूट पड़ा। सड़क पर बने गहरे गड्ढों में बारिश का पानी भर जाने से परेशान ग्रामीणों ने अनोखे अंदाज में विरोध प्रदर्शन करते हुए गड्ढों में धान की रोपाई कर प्रशासन और जनप्रतिनिधियों का ध्यान आकर्षित किया।

प्रदर्शन कर रहे ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि सड़क की मरम्मत की मांग वर्षों से की जा रही है, लेकिन जिम्मेदार अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों की उदासीनता के चलते अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। ग्रामीण राम बहाल यादव ने बताया कि सड़क निर्माण और मरम्मत के लिए कई बार जनप्रतिनिधियों व अधिकारियों को प्रार्थना पत्र सौंपे गए, लेकिन सभी शिकायतें केवल कागजों तक ही सीमित रह गईं।

ग्रामीण डॉ. विजय चौबे और बृजेश विश्वकर्मा ने बताया कि सड़क पर बने गहरे गड्ढों में बारिश का पानी भर जाने से आए दिन बाइक और साइकिल सवार दुर्घटना का शिकार हो रहे हैं। बरसात के दिनों में यह मार्ग तालाब का रूप ले लेता है, जिससे पैदल चलना भी जोखिम भरा हो जाता है।ग्रामीणों के अनुसार करीब पांच वर्ष पूर्व जिला पंचायत निधि से सड़क की मरम्मत कराई गई थी, लेकिन वर्तमान में इसकी स्थिति अत्यंत दयनीय हो चुकी है। जगह-जगह बने बड़े गड्ढों के कारण आवागमन मुश्किल होने के साथ दुर्घटनाओं की आशंका लगातार बनी रहती है।

जिला पंचायत सदस्य अनीता यादव ने बताया कि सड़क के पुनर्निर्माण के लिए कई बार संबंधित विभाग और अधिकारियों को पत्र भेजे जा चुके हैं, लेकिन अभी तक प्रस्ताव को स्वीकृति नहीं मिल सकी है।प्रदर्शन में हीरा लाल यादव, अवधेश यादव, राजकुमार चौबे, सनी गौड़, जवान यादव सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण शामिल रहे। ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि यदि शीघ्र सड़क निर्माण एवं मरम्मत का कार्य शुरू नहीं कराया गया तो आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा।

हिन्दुस्थान समाचार / विश्व प्रकाश श्रीवास्तव