बुन्देलखण्ड राज्य निर्माण की मांग को लेकर निकली “बुन्देलखण्ड गांव-गांव, पांव-पांव यात्रा” पहुंची कमासिन
बांदा, 09 मार्च (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद बांदा में बुन्देलखण्ड राज्य निर्माण की मांग को लेकर निकाली जा रही “बुन्देलखण्ड गांव-गांव, पांव-पांव यात्रा” के चौथे दिन यात्रा बांदा जिले के कमासिन पहुंची। इस यात्रा का नेतृत्व बुन्देलखण्ड विकास बोर्ड के उपाध्यक्ष राजा बुंदेला कर रहे हैं। आज की यात्रा के दौरान बुन्देलखण्ड राज्य आंदोलन के जनक स्व. शंकरलाल मेहरोत्रा की जयंती पर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित कर बुन्देलखण्ड राज्य निर्माण का संकल्प लिया गया।
इस अवसर पर राजा बुंदेला, बुन्देलखण्ड राष्ट्र समिति के राष्ट्रीय अध्यक्ष प्रवीण पांडेय, आश्रय सिंह, जयराम सिंह सहित सभी बुन्देलियों ने स्व. शंकरलाल मेहरोत्रा के चित्र पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धासुमन अर्पित किए और उनके अधूरे सपनों को पूरा करने का संकल्प लिया।
इस मौके पर राजा बुंदेला ने कहा कि बुन्देलखण्ड राज्य आंदोलन के जनक स्व. शंकरलाल मेहरोत्रा ने बुन्देलखण्ड राज्य के निर्माण के लिए अपना सब कुछ समर्पित कर दिया था।
वहीं बुन्देलखण्ड राष्ट्र समिति के राष्ट्रीय अध्यक्ष प्रवीण पांडेय ने कहा कि शंकर भइया ने मध्यप्रदेश कांग्रेस के कोषाध्यक्ष पद से इस्तीफा दे दिया, अपनी फैक्ट्री तक बेच दी और लगातार संघर्ष करते हुए अपनी सेहत तक गंवाई, लेकिन उनकी मृत्यु के 25 वर्ष बाद भी बुन्देलखण्ड राज्य का सपना अधूरा है। स्व. मेहरोत्रा जी की कुर्बानियां व्यर्थ नहीं जाएंगी। हम सब बुन्देलखंडवासी उनके अधूरे सपने को पूरा करने के लिए निरंतर संघर्ष करेंगे। उनके जन्मदिन को बुन्देलखण्ड संकल्प दिवस के रूप में मनाकर हम उन्हें सच्ची श्रद्धांजलि अर्पित कर रहे हैं।।
आश्रय सिंह ने कहा कि बुन्देलखण्ड राज्य निर्माण के लिए जनजागरण की यह यात्रा गांव-गांव तक लोगों को जोड़ रही है और क्षेत्र की आवाज को मजबूत बना रही है। जयराम सिंह ने कहा कि जब तक बुन्देलखण्ड को अलग राज्य का दर्जा नहीं मिलता, तब तक यह संघर्ष लगातार जारी रहेगा। राम बाबू तिवारी ने कहा कि बुन्देलखण्ड के विकास और सम्मान के लिए अलग राज्य ही स्थायी समाधान है।
कार्यक्रम में मुख्य रूप से ब्लॉक प्रमुख रावेंद्र गर्ग, राम बाबू तिवारी, प्रदीप मिश्रा, उद्यो सिंह परिहार, कमल द्विवेदी, विजय मिश्रा, विनय सिंह, दिव्या राजारत, उमा सिंह, गायत्री राजपूत, सुनीता सिंह, परवीन बानो, रानी वर्मा, जय प्रकाश मिश्रा, अमित सिंह, दिलीप गुप्ता, मान सिंह, राम नरेश, राहुल देव, श्रीराम द्विवेदी सहित अनेक लोग उपस्थित रहे। यह जानकारी सह नेतृत्वकर्ता जय राम सिंह ने दी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अनिल सिंह

