home page

विकसित उत्तर प्रदेश के लक्ष्य को हर हाल में हासिल करेंगे : केशव प्रसाद मौर्य

 | 
विकसित उत्तर प्रदेश के लक्ष्य को हर हाल में हासिल करेंगे : केशव प्रसाद मौर्य


लखनऊ, 14 मई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने गुरूवार को लखनऊ स्थित एक निजी होटल में आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश में बीते नौ वर्षों में हुए व्यापक परिवर्तन, आधारभूत विकास, सुशासन, निवेश एवं जनकल्याणकारी योजनाओं पर अपने विचार व्यक्त किए।

उप मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तर प्रदेश सरकार के नौ वर्ष सेवा, सुशासन एवं विकास के लिए समर्पित रहे हैं। प्रदेश सरकार ने जनता की अपेक्षाओं पर खरा उतरते हुए गांव, गरीब, किसान, युवा, महिला एवं वंचित वर्ग के उत्थान हेतु अनेक ऐतिहासिक कार्य किए हैं। उन्होंने कहा कि विकसित भारत एवं विकसित उत्तर प्रदेश के लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए सरकार पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है।

उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश आज निवेश, आधारभूत संरचना, एक्सप्रेस-वे, कनेक्टिविटी, उद्योग, शिक्षा एवं रोजगार के क्षेत्र में नई ऊंचाइयों को प्राप्त कर रहा है। सरकार का उद्देश्य प्रदेश के प्रत्येक नागरिक तक विकास का लाभ पहुंचाना तथा युवाओं को अधिक से अधिक रोजगार एवं स्वरोजगार के अवसर उपलब्ध कराना है।

उप मुख्यमंत्री ने कहा कि जनता ने सरकार को बार-बार सेवा करने का अवसर दिया है और सरकार ने पूरी निष्ठा एवं पारदर्शिता के साथ प्रदेश की 25 करोड़ जनता की आवश्यकताओं को पूरा करने का प्रयास किया है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि उत्तर प्रदेश का यह नौ वर्षीय कार्यकाल भविष्य में स्वर्णाक्षरों में अंकित किया जाएगा।

उन्होंने कहा कि प्रदेश में आधारभूत विकास के साथ-साथ सामाजिक एवं आर्थिक परिवर्तन भी तेजी से हो रहा है। सरकार गरीबों के उत्थान, युवाओं को रोजगार, किसानों की समृद्धि तथा महिलाओं के सशक्तीकरण के लिए निरंतर कार्य कर रही है। इस अवसर पर विभिन्न क्षेत्रों से जुड़े गणमान्य नागरिक, मीडिया प्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में लोग उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / बृजनंदन