home page

गोरक्षपीठ में मां आदिशक्ति की पूजा का शुभारंभ रविवार से

 | 

गोरखपुर, 09 अक्टूबर (हि.स.)। शिवावतार महायोगी गुरु गोरखनाथ की तपस्थली गोरक्षपीठ, गोरखनाथ मंदिर गोरखपुर में शारदीय नवरात्र पर मां आदिशक्ति की उपासना के अनुष्ठान का शुभारंभ 11 अक्टूबर दिन रविवार से होगा। शारदीय नवरात्र की प्रतिपदा को गोरखनाथ मंदिर में गोरक्षपीठाधीश्वर एवं मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के सानिध्य में शाम 5 बजे शक्ति मंदिर में कलश स्थापना की जाएगी।

गोरक्षपीठ में गुरु गोरखनाथ के साथ ही शक्ति की आराधना की अद्भुत परंपरा है। मठ के प्रथम तल पर स्थित दुर्गा शक्ति मंदिर में पूरे नवरात्र अनवरत साधना चलती है। विजयादशमी (दशहरा) पर प्रभु श्रीराम का राजतिलक करने के लिए गोरक्षपीठाधीश्वर स्वयं उपस्थित रहते हैं। इस शारदीय नवरात्र, गोरखनाथ मंदिर में होने वाले पारंपरिक अनुष्ठान के बारे में जानकारी देते हुए मंदिर के प्रधान पुजारी योगी कमलनाथ ने बताया कि शारदीय नवरात्र की प्रतिपदा पर रविवार की शाम कलश स्थापना मठ के प्रथम तल पर स्थित शक्ति मंदिर में गोरक्षपीठाधीश्वर एवं मुख्यमंत्री कलश योगी आदित्यनाथ के सानिध्य में किए जाने के साथ मां भगवती की विशेष उपासना का शुभारंभ हो जाएगा। योगी कमलनाथ ने बताया कि आदिशक्ति मां भगवती दुर्गा के अनुष्ठान शारदीय नवरात्र तथा सत्य, न्याय एवं धर्म की विजय का पावन पर्व विजयादशमी गोरखनाथ मंदिर में परंपरागत तरीके एवं हर्षोल्लास के साथ आश्विन शुक्ल प्रतिपदा से आश्विन शुक्ल दशमी तक विविध अनुष्ठानों के बीच मनाया जाएगा।

प्रतिदिन होगी देवीभागवत की कथा, अष्टमी की शाम महानिशा पूजन करेंगे पीठाधीश्वर

मंदिर के प्रधान पुजारी ने बताया कि मठ में शारदीय नवरात्र में देवीभागवत की कथा एवं दुर्गा सप्तशती का पाठ, प्रतिपदा से पूरे नवरात्र प्रतिदिन सुबह एवं शाम तक चलेगा। देवी-देवताओं के आह्वान के साथ पूजन-आरती होती रहेगी। 18 अक्टूबर, रविवार शाम 7 बजे से महानिशा पूजन एवं हवन का अनुष्ठान होगा।

महानवमी को कन्या पूजन करेंगे गोरक्षपीठाधीश्वर

19 अक्टूबर, सोमवार को शारदीय नवरात्र की महानवमी तिथि के व्रत के साथ पूर्वाह्न 11 बजे से गोरक्षपीठाधीश्वर एवं मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ कुमारी कन्याओं का पांव पखारकर पूजन करेंगे। इस अवसर पर मातृ स्वरूपा कन्याओं के लिए भोज का भी आयोजन होगा ।

विजयादशमी को अनुष्ठान के बाद निकलेगी गोरक्षपीठाधीश्वर की शोभायात्रा, होगा प्रभु श्रीराम का राजतिलक

विजयादशमी के दिन 20 अक्टूबर, मंगलवार को सुबह 9:35 बजे गोरक्षपीठाधीश्वर योगी आदित्यनाथ, श्रीनाथ जी (गुरु गोरखनाथ) का विशिष्ट पूजन करेंगे। उसके बाद सभी देव विग्रह एवं समाधि पर पूजन होगा। अपराह्न 1 बजे से 3 बजे तक गोरक्षपीठाधीश्वर के तिलकोत्सव का कार्यक्रम चलेगा। शाम 4 बजे से सीएम एवं गोरक्षपीठाधीश्वर योगी आदित्यनाथ जी रथ पर सवार होकर मानसरोवर मंदिर में देव विग्रहों का पूजन एवं अभिषेक करेंगे। इसके उपरांत मानसरोवर रामलीला मैदान में गोरक्षपीठाधीश्वर, श्रीराम दरबार का पूजन करके प्रभु श्रीराम का राजतिलक करेंगे।

हिन्दुस्थान समाचार / प्रिंस पाण्डेय