फातिमा कॉलेज ऑफ नर्सिंग के विद्यार्थियों ने किया विधानसभा का भ्रमण
लखनऊ, 02 नवंबर (हि.स.)। फातिमा कॉलेज ऑफ नर्सिंग लखनऊ के बी.एससी. नर्सिंग सातवें सेमेस्टर (बैच 2023-24) के विद्यार्थियों ने सोमवार को विधानसभा का शैक्षणिक भ्रमण किया। विद्यार्थियों के साथ कॉलेज के प्रधानाचार्य एवं शिक्षकगण भी उपस्थित रहे। भ्रमण के दौरान विद्यार्थियों ने विधानसभा भवन की कार्यप्रणाली, सदन की व्यवस्था तथा विधायी प्रक्रिया के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी प्राप्त की।
इस अवसर पर विद्यार्थियों ने उत्तर प्रदेश विधानसभा के अध्यक्ष सतीश महाना से भेंट की। विधानसभा अध्यक्ष ने विद्यार्थियों से संवाद करते हुए उन्हें लोकतांत्रिक व्यवस्था में विधानमंडल की भूमिका और जनप्रतिनिधियों के दायित्वों के बारे में जानकारी दी। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों के लिए विधानसभा का भ्रमण केवल एक शैक्षणिक गतिविधि नहीं, बल्कि लोकतंत्र की कार्यप्रणाली को नजदीक से समझने का अवसर भी है।
विधानसभा अध्यक्ष ने विद्यार्थियों को बताया कि लोकतंत्र की मजबूती में युवाओं की महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने विद्यार्थियों से अपने अध्ययन के साथ-साथ देश और प्रदेश की सामाजिक एवं लोकतांत्रिक व्यवस्था को समझने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि विभिन्न क्षेत्रों में कार्य करने वाले युवाओं को अपने अधिकारों के साथ-साथ कर्तव्यों के प्रति भी जागरूक रहना चाहिए।
विद्यार्थियों ने विधानसभा भवन के विभिन्न महत्वपूर्ण स्थलों का भ्रमण किया तथा सदन की कार्यवाही, विधायी प्रक्रिया और विधानसभा की ऐतिहासिक एवं लोकतांत्रिक परंपराओं के बारे में जानकारी ली। विद्यार्थियों ने विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना के साथ हुई भेंट को अपने लिए प्रेरणादायी और ज्ञानवर्धक अनुभव बताया।
-----------
हिन्दुस्थान समाचार / बृजनंदन

