उप्र विधानसभा चुनाव-2027 के विजय की रणनीति बूथ केन्द्रित होगी : धर्मपाल सिंह
मुरादाबाद, 14 जुलाई (हि.स.)। 2027 उप्र विधानसभा चुनाव के विजय की रणनीति बूथ केन्द्रित होगी। बूथ जीता तो चुनाव जीता के फॉर्मूले पर काम करते हुए प्रत्येक बूथ को सुदृढ़ बनाया जाए ताकि वह भाजपा की विजय का अभेद्य दुर्ग बन सके। यह बातें भारतीय जनता पार्टी उत्तर प्रदेश के प्रदेश महामंत्री (संगठन) धर्मपाल सिंह ने मंगलवार को अमरोहा जनपद में मुरादाबाद कमिश्नरी प्रवास के दौरान अलग-अलग आयोजित संवाद बैठकों में कहीं।
भाजपा प्रदेश महामंत्री (संगठन) धर्मपाल सिंह ने मंगलवार को अमरोहा में क्षेत्रीय पदाधिकारियों, मुरादाबाद कमिश्नरी ( मुरादाबाद महानगर, मुरादाबाद जिला, अमरोहा, संभल, रामपुर और बिजनौर) के जिलाध्यक्षों, जनप्रतिनिधियों, अनुसूचित जाति मोर्चा के पदाधिकारियों एवं प्रमुख कार्यकर्ताओं, मंडल अध्यक्षों, तथा अमरोहा जिले के शक्ति केन्द्र संयोजकों के साथ अलग-अलग संवाद बैठकों को सम्बोधित किया।
धर्मपाल सिंह ने कहा कि मंडल अध्यक्ष, शक्ति केन्द्र संयोजक तथा बूथ अध्यक्ष की त्रिवेणी के द्वारा निरन्तर संवाद, समन्वय और योजनाबद्ध कार्यप्रणाली ही मजबूत बूथ का आधार बनेगी। मतदाताओं से संपर्क तथा संगठन के नियमित कार्यक्रमों को गति देकर ऐसी अभेद्य व्यूह रचना तैयार करनी होगी, जिससे विपक्ष का प्रत्येक षडयंत्र विफल हो और भारतीय जनता पार्टी का विजय परचम पूरे प्रदेश में फहराए।
बूथ और मंडल के बीच शक्ति केन्द्र सबसे महत्वपूर्ण कड़ी
प्रदेश महामंत्री (संगठन) धर्मपाल सिंह ने कहा कि बूथ और मंडल के बीच शक्ति केन्द्र सबसे महत्वपूर्ण कड़ी है, जो संगठनात्मक गतिविधियों, अभियानों एवं कार्यक्रमों के प्रभावी क्रियान्वयन की धुरी है। उन्होंने कहा कि निवर्तमान पदाधिकारियों, पार्टी के वरिष्ठ नेताओं तथा सभी कार्यकर्ताओं की संगठनात्मक जिम्मेदारी सुनिश्चित करते हुए संगठन की प्रत्येक इकाई को सक्रिय बनाया जाएगा।
प्रत्येक कार्यकर्ता बैठक में डायरी के साथ उपस्थित हों
प्रदेश महामंत्री (संगठन) धर्मपाल सिंह ने शक्ति केन्द्र संयोजकों से संवाद करते हुए कहा कि प्रत्येक कार्यकर्ता बैठक में डायरी के साथ उपस्थित होने की कार्य संस्कृति विकसित करे तथा बूथ स्तर पर आयोजित बैठकों एवं गतिविधियों का सम्पूर्ण विवरण नियमित रूप से रजिस्टर में अंकित किया जाए। उन्होंने कहा कि नियमित समीक्षा, सटीक योजना और सतत फॉलोअप ही संगठन की मजबूती का आधार है। प्रत्येक पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता को उसकी क्षमता, योग्यता एवं अनुभव के अनुरूप दायित्व सौंपा जाए। बूथ स्तर पर पदाधिकारियों, वरिष्ठ नेताओं, जनप्रतिनिधियों एवं कार्यकर्ताओं के साथ संगठन के वरिष्ठ पदाधिकारियों की सहभागिता प्रत्येक कार्यक्रम एवं अभियान में सुनिश्चित की जाए।
डा. आम्बेडकर का लोक कल्याणकारी दर्शन ही हमारा प्रेरणास्रोत
अनुसूचित जाति मोर्चा के पदाधिकारियों से संवाद करते हुए धर्मपाल सिंह ने कहा कि भारत रत्न बाबा साहेब डॉ. भीमराव आम्बेडकर का लोक कल्याणकारी दर्शन ही हमारा प्रेरणास्रोत है। संवाद बैठकों का संचालन भाजपा पश्चिम क्षेत्र के क्षेत्रीय महामंत्री हरिओम शर्मा ने किया।
इस अवसर पर क्षेत्रीय अध्यक्ष नवाब सिंह नागर , क्षेत्रीय महामंत्री हरिओम शर्मा, प्रदेश उपाध्यक्ष व एमएलसी सतपाल सैनी , प्रदेश मंत्री दीपमाला संतोषी, राज्य मंत्री बलदेव ओलख, माध्यमिक शिक्षा मंत्री गुलाबो देवी, मुरादाबाद जिला अध्यक्ष आकाश पाल, संभल जिला अध्यक्ष हरेंद्र रिंकू भैया, अमरोहा जिला अध्यक्ष उदयगिरि गोस्वामी, सांसद कवर सिंह तंवर, हसनपुर विधायक महेंद्र खड़कवंशी, धनोरा राजीव तरारा , मुरादाबाद कमिश्नरी के सभी जिला अध्यक्ष,मंडल अध्यक्ष, सेक्टर संयोजक अमरोहा जिले के सभी पूर्व व वर्तमान पदाधिकारी व कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / निमित कुमार जायसवाल

